'भारत ने अफगानी सेना और नेताओं के दिमाग में भरा था जहर', पाकिस्तानी सेना का विवादित बयान
'भारत ने अफगानी सेना और नेताओं के दिमाग में भरा था जहर', पाकिस्तानी सेना का विवादित बयान
इस्लामाबाद, 28 अगस्त: पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद भारत पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पाकिस्तानी सेना के प्रॉपगैंडा विंग इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशन (आईएसपीआर) के प्रमुख डायरेक्टर जनरल बाबर इफ्तिखार ने कहा है कि भारत ने अफगानी सेना और नेताओं के दिमाग में साजिश के तहत जहर भरा था, उनको पाकिस्तान के खिलाफ भड़काया था, ताकि हमें नुकसान पहुंचे। जनरल बाबर इफ्तिखार ने भारत पर आतंकी हमले करवाने का भी आरोप लगाया है। जनरल बाबर इफ्तिखार ने शुक्रवार (27 अगस्त) को कहा कि पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर स्थिति हमारे कंट्रोल में है।

'भारत ने पाकिस्तान को नुकसान पहुंचाने के लिए अफगानिस्तान में किया निवेश'
डीजी आईएसपीआर बाबर इफ्तिखार ने रावलपिंडी में अपने संवाददाता सम्मेलन में भारत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हम सभी लोगों को ये समझना बहुत जरूरी है कि अफगानिस्तान में भारत की क्या भूमिका रही है। बाबर इफ्तिखार ने कहा, "मुझे लगता है कि भारत ने अफगानिस्तान में जो भी निवेश किया और जिस तरह का प्रभाव उन्होंने वहां विकसित किया, वह सब एक इरादे से किया गया था - पाकिस्तान को नुकसान पहुंचाने के लिए।" इतना ही नहीं डीजी आईएसपीआर ने भारत पर आतंकी संगठनों के साथ सांठ-गांठ का भी आरोप लगाया है।

'भारत ने अफगानी सेना और नेताओं के दिमाग में भरा जहर'
डीजी आईएसपीआर बाबर इफ्तिखार ने कहा, ''अफगान के नेताओं, अफगान नेतृत्व, सेना और खुफिया जानकारी के दिमाग में भारत ने जहर भर दिया है। जिसके कारण पाकिस्तान के बारे में "नकारात्मक बयान" अफगान नेतृत्व द्वारा हर बार दिया गया है।''
बाबर इफ्तिखार ने कहा, ''अफगानिस्तान का राष्ट्रीय सुरक्षा निदेशालय (एनडीएस) पाकिस्तान को नुकसान पहुंचाने के लिए कई बार टीटीपी, आईएसआईएस जैसे आतंकवादी संगठनों के साथ भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ की मदद कर रहा था।''

'अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भारत को कटघरे में खड़ा करने की जरूरत'
डीजी आईएसपीआर बाबर इफ्तिखार ने कहा,"अगर भारत ने अपना काम किया होता, तो वे आज जो हो रहा है, उसे लेने के लिए तैयार होते, इसलिए भारत की भूमिका मुझे बेहद नकारात्मक लगती है। मुझे लगता है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भारत को कटघरे में खड़ा करने की जरूरत है।"
इन्होंने दावा किया कि सैकड़ों और हजारों अफगान सेना के सैनिक भारत में प्रशिक्षण के लिए गए और सेना को प्रशिक्षित करने के लिए कई भारतीय सेना प्रशिक्षण टीमों को अफगानिस्तान में रखा गया था।












Click it and Unblock the Notifications