पाकिस्तान: जनरल बाजवा की रिटायरमेंट पक्की, नहीं बढ़ेगा कार्यकाल
इस्लामाबाद, 14 अप्रैल: पाकिस्तान की सत्ता से इमरान खान की रुखसती के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा कार्यकाल समाप्त होने के बाद विस्तार चाहते हैं, लेकिन अब तस्वीर साफ हो चुकी है। पाकिस्तानी सेना ने इसका जवाब दे दिया है। सेना के मुताबिक जनरल बाजवा का कार्यकाल नहीं बढ़ेगा। वो 29 नवंबर को रिटायर होंगे। ऐसे में पाक सेना प्रवक्ता ने बाजवा के कार्यकाल के विस्तार की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है।

पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा, जो देश में सत्ता परिवर्तन के दौरान सुर्खियों में आए थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री इमरान खान को सत्ता से हटा दिया था। उनको लेकर सेना ने कहा कि वह एक और कार्यकाल की मांग नहीं कर रहे हैं। पाकिस्तान के डॉन न्यूज पेपर के मुताबिक सेना ने साफ कर दिया कि बाजवा ना तो कार्यकाल विस्तार मांग रहे हैं और ना ही इसे स्वीकार करेंगे। सेना की सूचना शाखा, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के महानिदेशक मेजर जनरल बाबर इफ्तिखार ने कहा, "वह 29 नवंबर, 2022 को समय पर रिटायर होंगे।"
वहीं पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की ओर से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए जवाब भी दिया है। सेना प्रवक्ता ने विपक्ष के नेताओं के साथ किसी भी तरह की बैठकों की खबरों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने अपने बयान में साफ किया कि उनकी विपक्ष के किसी भी नेता के साथ पाकिस्तान या फिर लंदन में कोई बैठक नहीं हुई।
बता दें कि जनरल बाजवा को जून 2020 में रिटायर होने से पांच महीने पहले विस्तार दिया गया था। 61 वर्षीय जनरल को 2016 में तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ द्वारा शीर्ष पद पर नियुक्त किया गया था। इमरान खान ने जाहिर तौर पर बाजवा को पाकिस्तानी सेना प्रमुख के पद से बर्खास्त करने की भी कोशिश की थी, लेकिन रक्षा मंत्रालय की ओर से नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications