अमेरिकी सांसद ने कहा पाक को हरगिज न मिले एक भी डॉलर
अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य टेड पो ने कहा पाकिस्तान को टैक्स देने वाले अमेरिकी नागरिक की कमाई का एक भी डॉलर नहीं देना चाहिए। पाकिस्तान को आतंकी देश घोषित करने की मांग कर चुके हैं टेड।
वाशिंगटन। पाकिस्तान को आतंकी देश घोषित करने की मांग कर चुके अमेरिकी कांग्रेस के एक सदस्य ने फिर से पाकिस्तान के लिए मुश्किलें पैदा कर दी हैं। अमेरिकी सांसद टेड पो ने मांग की है कि जब तक पाक हक्कानी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता उसे एक भी डॉलर नहीं मिलना चाहिए।

हक्कानी ने मारे सबसे ज्यादा पाक नागरिक
पो हाउस फॉरेन अफेयर्स सब कमेटी के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि हक्कानी नेटवर्क ने अफगानिस्तान में किसी और आतंकी संगठन की तुलना में सबसे ज्यादा अमेरिकी नागरिकों को मारा है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सरकार ने इसके खिलाफ कोई ज्यादा कार्रवाई नहीं की है, जबकि 9/11 के बाद से उसने अमेरिका से करीब 33 अरब डॉलर लिए हैं।
उन्होंने कहा कि पाक हक्कानी नेटवर्क के नेताओं को जब तक गिरफ्तार नहीं करता और उन पर केस नहीं चलाता तब तक उसे मिल रहा विदेशी सहयोग लिमिटेड कर देना चाहिए।
सार्वजनिक तौर पर हो गिरफ्तारी
पो के मुताबिक अगर पाक, हक्कानी नेटवर्क के सदस्यों को सार्वजनिक तौर पर गिरफ्तार नहीं करता और केस नहीं चलाता तब तक उसे अमेरिकी करदाताओं का एक डॉलर भी नहीं मिलना चाहिए।
पो का यह बयान पाक के लिए नई मुश्किलें पैदा कर सकता है क्योंकि नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अक्सर पाक को मिल रही मदद बैन करने की मांग करते रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications