तुर्की राष्ट्रपति ने कहा- भारत और पाक की वजह से कश्मीरी भाई बहनों को हो रही दिक्कत
तुर्की राष्ट्रपति ने कहा कि कश्मीरी परेशान हो रहे हैं जिसे बहुत दिनों तक अनदेखा नहीं किया जा सकता।
इस्लामाबाद। तुर्की के राष्ट्रपति रेकप तैयप एर्डोगान ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण कश्मीरी परेशान हो रहे हैं जिसे बहुत दिनों तक अनदेखा नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि दोनों देश इस मसले को बातचीत से हल करें। बुधवार को पाकिस्तान पहुंचे एर्डोगान ने यह बात पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से बातचीत के बाद कही।

हमारे कश्मीरी भाई बहन...
बकौल एर्डोगान 'हमारे कश्मीरी भाई बहन लाइन ऑफ कंट्रोल और कश्मीर में बढ़ रहे तनाव से परेशानी का सामना कर रहे हैं, जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता।'
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देश आपस में बैठकर इस मुद्दे को सुलझाएं। तुर्की राष्ट्रपति ने कहा कि कश्मीर के मुद्दे के लिए संकल्प करना होगा कि बातचीत के जरिए भारत और पाक कश्मीर समस्या का हल करें।
गौरतलब है कि इसी साल 8 जुलाई को हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी का एंकाउंटर स्थानीय पुलिस और सेना ने मिलकर किया था
इसके बाद से ही कश्मीर में अलगाववादियों का उपद्रव शुरू हो गया। उसी दिन से शुरू हुए उपद्रव से लेकर अभी तक खास शांति नहीं हुई है।
वहां बृहस्पतिवार को 132 दिनों बाद ट्रेन चली। साथ ही कुछ दिन पहले वहां स्कूलों में परीक्षाएं शुरू हुई हैं।
उरी में हुआ था हमला
हालांकि सीमा पर हालात जस के तस हैं। सितंबर महीने में जम्मू और कश्मीर स्थित उरी में हुए हमले में 20 जवान शहीद हो गए थे।
उसके बाद भारत की ओर से पाक अधिकृत कश्मीर में किए गए सर्जिकल स्ट्राइक में आतंकियों के ठिकाने नेस्तनाबूत किए थे। उसके बाद भी सीमा पर पाकिस्तान की ओर से सीजफायर उल्लंघन में अब तक कई जवान शहीद हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications