'नए पाकिस्तान' बनने के बाद फिर से निकाह करना चाहते हैं इमरान खान
इस्लामाबाद। पाकिस्तान को वर्ल्ड कप खिताब दिलाने वाले क्रिकेटर इमरान खान अब एक नए पाकिस्तान का सपना देखने लगे हैं। इस सपने के साथ ही उनका एक और सपना जुड़ गया है और वह है एक बार फिर से निकाह करने का।

एक बड़ी फीमेल फैन फॉलोइंग रखने वाले इमरान खान ने ऐलान कर दिया है कि अगर 'नया पाकिस्तान,' बनने का उनका सपना पूरा हो जाएगा तो फिर वह निकाह भी कर लेंगे।
क्रिकेट के बाद अब राजनीति में अपने जौहर दिखा रहे इमरान खान ने कहा कि वह अपने 'नये पाकिस्तान' का सपना पूरा होने के बाद निकाह करेंगे। वह यहां तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी की अध्यक्षता कर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने शनिवार को देर रात अपने हजारों समर्थकों से यह बात कही, ये सभी संसद के सामने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
62 वर्षीय खान ने कहा,'मैं सिर्फ आप लोगों के लिये ही नहीं बल्कि खुद के लिये भी एक नया पाकिस्तान बनाना चाहता हूं। एक बार जब नया पाकिस्तान सच्चाई बन जायेगा तो मैं निकाह करुंगा।'
खान ने 1995 में जेमिमा गोल्डस्मिथ से शादी की थी, लेकिन दोनों का 2004 में तलाक हो गया था। इन दोनों के दो बेटे सुलेमान और कासिम हैं जो ब्रिटेन में अपनी मां के साथ रहते हैं। महिलाओं के बीच इमरान खान आज भी काफी लोकप्रिय हैं।












Click it and Unblock the Notifications