कभी कश्मीर को बताया पाक की गलती अब कहा जंग नहीं कोई हल!
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने एक बार फिर से कश्मीर पर एक अहम बयान दिया है। खार ने कहा है कि पाकिस्तान कभी भी लड़ाई या युद्ध के जरिए कश्मीर हासिल नहीं कर पाएगा। खार की मानें तो पाक सिर्फ बातचीत के जरिए ही कश्मीर मुद्दे को सुलझा सकता है।

हासिल करना होगा भारत का भरोसा
खार ने रविवार को जियो न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में यह बात कही है। खार की मानें तो पाक को भारत के साथ आपसी भरोसा कायम करना होगा तभी उसे कश्मीर हासिल होगा।
खार ने कहा कि लड़ाई या फिर जंग से कभी कश्मीर नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि जब हम लड़ाई नहीं कर सकते हैं तो फिर हमें बातचीत ही करनी होगी।
खार ने भारत के साथ अनुकूल माहौल बनने का श्रेय अपनी सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार थी तो वीजा नियमों में ढील दी गई और व्यापार को भी बढ़ावा मिला। आपको बता दें कि खार वर्ष 2011 से 2013 तक पाक की विदेश मंत्री थीं।
दो वर्ष पहले कश्मीर को बताया गलती
खार ने वर्ष 2014 में एक इंटरव्यू दिया था। इस इंटरव्यू में खार ने माना था कि पाक कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देकर कश्मीर मुद्दे पर अपनी जमीन खो चुका है।
सिर्फ इतना ही नहीं उस इंटरव्यू में खार ने कश्मीर को पाक की सबसे बड़ी गलती बताया था। खार ने कहा था कि पाक के लिए कश्मीर वह गलती बन चुका है जिसकी वजह से उसे काफी खामियाजा उठाना पड़ा है।
जब मिलीं अलगाववादियों से
खार वर्ष 2011 में भारत दौरे पर आईं थी लेकिन उस समय वह सीधे कश्मीर पहुंचीं। खार को उस समय खासी आलोचना का सामना करना पड़ा जब उन्होंने भारत दौरे की शुरुआत अलगाववादी नेताओं से मुलाकात करके की।
खार ने उस समय अलगाववादी नेताओं को बातचीत का हिस्सा बताते हुए अपनी मुलाकात को जायज करार दिया था।












Click it and Unblock the Notifications