Ritu Suhas PCS : ADM हैं नोएडा के DM सुहास एलवाई की पत्नी ऋतु, मिसेज इंडिया का खिताब भी कर चुकी हैं अपने नाम
नोएडा, 05 सितंबर: टोक्यो पैरालंपिक में बैडमिंटन खिलाड़ी और नोएडा के डीएम सुहास एलवाई ने सिल्वर मेडल जीतकर दुनियाभर में भारत का नाम रोशन कर दिया है। इन खेलों में भारत की पदक संख्या 19 पर पहुंच गई है। सुहास एलवाई उत्तर प्रदेश कैडर के 2007 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। सुहास की पत्नी ऋतु सुहास भी उत्तर प्रदेश की बड़ी अधिकारी हैं। वह फिलहाल गाजियाबाद में एडीएम प्रशासन पद पर सेवाएं दे रही हैं।

2004 बैच की पीसीएस अधिकारी हैं ऋतु सुहास
नोएडा के डीएम सुहास एलवाई की पत्नी ऋतु सुहास गाजियाबाद के एडीएम एडमिनिस्ट्रेशन के पद पर तैनात हैं। वह 2004 बैच की पीसीएस अधिकारी हैं। ऋतु मिसेज इंडिया-2019 का खिताब भी जीत चुकी हैं। एक इंटरव्यू में ऋतु ने बताया था कि उन्होंने बेहद मुश्किल दौर का सामना करते हुए कामयाबी की ऊंचाइयों को छुआ है। ऋतु ने बताया था कि कभी उनके पास कोचिंग और अखबार तक के लिए पैसे नहीं होते थे। उन्होंने अपनी एक सहेली के नोट्स के माध्यम से सेल्फ स्टडी करके पीसीएस में कामयाबी हासिल की है।

ऋतु ने कहा- पति सुहास ने किया देश का नाम रोशन, हमें उन पर गर्व है
ऋतु सुहास और सुहास एलवाई की शादी 2008 में हुई थी। दंपति के 2 बच्चे हैं। ऋतु सुहास ने पति की जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि उनके पति ने बहुत अच्छा खेल दिखाया और देश का नाम रोशन किया है। हमें उन पर गर्व है। ये पूरे देशवासियों के लिए हर्ष का विषय है। उन्होंने बताया कि सुहास पिछले छह साल से कड़ी मेहनत कर रहे थे। कड़ी मेहनत व लगन से उन्होंने टोक्यो पैरालिंपिक में अच्छा खेल दिखाया। उनका सपना पैरालिंपिक में भारत के लिए खेलना था। उन्होंने अपने जीवन के लगभग 6 वर्ष इसके लिए समर्पित कर दिए। मैंने उसे परिणाम की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेलने के लिए कहा था।

कौन हैं सुहास एलवाई ?
सुहास एलवाई उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उनका परिवार मूल रूप से कर्नाटक के शिमोगा का रहने वाला है। सुहास को जन्म से पैर में परेशानी थी, लेकिन यह परेशान सुहास के हौसलों को कभी कम नहीं कर पाई। सुहास कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद आईएएस अफसर बने। सुहास को उत्तर प्रदेश कैडर दिया गया। सुहास प्रयागराज, आजमगढ़, जौनपुर, सोनभद्र, महाराजगंज और हाथरस के डीएम रह चुके हैं। कोरोना के समय में यूपी सरकार ने उन्हें नोएडा का जिलाधिकारी बनाया था। सुहास बेहतरीन बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर दुनियाभर में भारत का नाम रोशन कर दिया है। पीएम नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद फोन कर सुहास को बधाई दी।












Click it and Unblock the Notifications