नोएडा में मिला कोरोना वायरस का एक और मामला, इंडोनेशिया की यात्रा से लौटा था मरीज
नोएडा। भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। नोएडा में बुधवार को एक और केस सामने आया है। 26 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मरीज चार दिन पहले इंडोनेशिया से पत्नी के साथ घूमकर आया था। देर रात रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डॉक्टरों ने उसे ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।

पत्नी का भी सैंपल जांच के लिए भेजा गया
सीएमओ डॉ. अनुराग भार्गव ने बताया कि मरीज की पत्नी को भी आइसोलेशन पर रखा गया है। लौटने के समय सिर्फ युवक में ही लक्षण दिखाई दिए थे। अब पत्नी का भी सैंपल जांच के लिए भेज दिया है। इससे पहले गौतमबुद्ध नगर जिले में 3 पॉजिटिव केस सामने आ चुके थे। मंगलवार को दो और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। ये दोनों मरीज सेक्टर 78 और सेक्टर 100 के रहने वाले हैं। इन सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
दुनियाभर में वायरस के कारण 6500 से भी ज्यादा मौतें
बता दे, दुनिया के 137 से भी ज्यादा देश कोरोना वायरस (COVID-19) से जंग लड़ रहे हैं। दुनियाभर में वायरस के कारण 6500 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं संक्रमित लोगों की संख्या एक लाख 64 हजार का आंकड़ा पार कर चुकी है। भारत की बात करें तो यहां भी संक्रमित मामलों की संख्या 147 हो गई है, जबकि इस महामारी से 3 लोग मौत के शिकार भी हो गए हैं, फिलहाल केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारें भी वायरस के खात्मे के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही हैं।
केजीएमयू के जूनियर डॉक्टर में कोरोना वायरस का संक्रमण
उत्तर प्रदेश में भी संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुधवार को ही राजधानी लखनऊ के किंग जॉर्ज यूनिवर्सिटी यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के एक जूनियर डॉक्टर में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है। जूनियर डॉक्टर को केजीएमयू में ही आइसोलेट किया गया है। लखनऊ में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तीन हो गई है। गौतमबुद्ध नगर जिले में अब तक चार में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications