नोएडा: Twin Towers ढहाने से पहले 2.15 बजे बंद हो जाएगा एक्सप्रेस-वे, आधे घंटे बाद खुलेगा
नोएडा, 28 अगस्त: नोए़डा सेक्टर-93ए स्थित सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट के ट्विन टावर आज दोपहर 2:30 बजे धराशायी हो जाएंगे। 32 मंजिला एपेक्स (100 मीटर) और 29 मंजिला सियान (97 मीटर) टावर में 3500 किलोग्राम विस्फोटक लगाकर गिराया जाएगा। 9 से 12 सेकेंड के अंदर ट्विन टावर जमींदोज हो जाएंगे। एहतियातन आसपास की सड़कों को दिनभर बंद रखा जाएगा। पूरे इलाके को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।
Recommended Video

नोएडा में सेक्टर 93ए के सुपरटेक ट्विन टावर्स को आज दोपहर 2:30 बजे ध्वस्त कर दिया जाएगा। राजेश एस, डीसीपी, सेंट्रल नोएडा ने बताया कि लगभग 560 पुलिस कर्मी, रिजर्व फोर्स के 100 लोग, 4 क्विक रिस्पांस टीम और एनडीआरएफ की टीम तैनात है। ट्रैफिक डायवर्जन प्वाइंट सक्रिय हैं। विस्फोट से ठीक पहले दोपहर करीब 2.15 बजे एक्सप्रेस-वे को बंद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ब्लास्ट के आधे घंटे बाद और धूल जमने के बाद इसे खोल दिया जाएगा। इंस्टेंट कमांड सेंटर में 7 सीसीटीवी कैमरे हैं।
जानिए कौन से रास्ते रहेंगे बंद
ट्रैफिक एडवाइडरी के मुताबिक, नोएडा के कुछ रास्ते 28 अगस्त को सुबह 7 बजे से बंद रहेंगे। ये रास्ते ट्विन टावर को ध्वस्त होने के काम पूरा होने के बाद खोले जाएंगे।
एटीएस तिराहा से गेझा फल/सब्जी मण्डी तिराहा तक मार्ग। एल्डिको चौक से सेक्टर 108 की ओर डबल मार्ग व सर्विस रोड। श्रमिक कुंज चौक से सेक्टर 92 रतिराम चौक तक डबल मार्ग। श्रमिक कुंज चौक से सेक्टर 132 की ओर फरीदाबाद फ्लाई ओवर। सेक्टर 128 से श्रमिक कुंज चौक तक फरीदाबाद फ्लाई ओवर।
इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
ट्विन टॉवर के ध्वस्तीकरण की वजह से नोएडा के कुछ रास्तों को डायवर्ट किया गया है। ये डायवर्जन दोपहर 2.14 बजे से स्थिति सामान्य होने तक रहेगा। ट्रैफिक एडवाइडरी के मुताबिक, नोएडा से ग्रेटर नोएडा/यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले यातायात को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह यातायात सिटी सेंटर, सेक्टर 71 होकर गन्तव्य की ओर जाएगा। नोएडा से ग्रेटर नोएडा/यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले यातायात को
फिल्मसिटी फ्लाई ओवर से एलीवेटेड रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह यातायात एलीवेटेड रोड होकर सेक्टर 60, सेक्टर 71 होकर गन्तव्य की ओर जाएगा।
नोएडा से ग्रेटर नोएडा/यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले यातायात को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे व सर्विस रोड को फरीदाबाद फ्लाई ओवर से पहले सेक्टर 82 कट के सामने पूर्ण बंद किया जाएगा। यह यातायात गेझा तिराहा, फेस-2 होकर गन्तव्य की ओर जाएगा। ग्रेटर नोएडा से नोएडा/दिल्ली की ओर जाने वाले यातायात को परीचौक से सूरजपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह यातायात सूरजपुर, यामाहा, फेस-2 अथवा बिसरख, किसान चौक होकर गन्तव्य की ओर जाएगा।
यमुना एक्सप्रेस-वे/ग्रेटर नोएडा से नोएडा/दिल्ली की ओर जाने वाले यातायात को यमुना एक्सप्रेस-वे के ऊपर जीरो प्वाइंट से परीचौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह यातायात परी चौक, सूरजपुर, यामाहा, फेस-2 अथवा बिसरख, किसान चौक होकर गन्तव्य की ओर जाएगा।
यमुना एक्सप्रेस-वे/ग्रेटर नोएडा से नोएडा/दिल्ली की ओर जाने वाले यातायात को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे व सर्विस रोड सेक्टर 132 के सामने पूर्ण बन्द किया जाएगा। यह यातायात सेक्टर 132 के अन्दर से होकर पुस्ता रोड से गन्तव्य की ओर जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications