दहेज के खिलाफ संदेश देने के लिए किया ऐसा काम, सब कर रहे तारीफ
Noida News, नोएडा। समाज से दहेत की कुरीतियों को दूर करने के लिए एक युवक ने अपनी शादी में केवल 101 रूपये का शगुन लिया और दुल्हन को अपने साथ विदा करा लाया। उसके इस कदम की हर कोई तारीफ कर रहा है। लोगों का कहना है कि यदि हर कोई ऐसे ही शादी में दहेज में केवल शगुन ले तो दहेज की प्रथा स्वयं ही समाप्त हो जाएगी।

ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के पीपलका गांव की शादी सिकंदराबाद में हुई। सचिन नागर ने अपनी शादी में समाज के सामने मिसाल पेश करते हुए लड़की पक्ष से कोई दहेज नहीं लिया। उसने शगुन के रूप में केवल 101 रूपये लड़की वालों से लिए और दुल्हन को विदा कराकर अपने साथ ले आया। सचिन का कहना है कि दहेज जैसी कुरीतियों को दूर करने के लिए हर युवा को ऐसी ही पहल करनी चाहिए।
सचिन नागर के पिता तेजपाल सिंह नागर का दिल्ली में कारोबार है। उनकी वहां अपनी फैक्ट्री है जबकि गांव में भी उनकी करीब 70 बीघा जमीन है। सचिन नागर पेशे से वकील है और सूरजपुर में अपनी प्रैक्टिस करते हैं। सचिन नागर की करीब दो महीने पहले सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव तिल की मंडेया में सगाई हुई थी। परिजन बताते हैं कि सगाई में भी शगुन के रूप में केवल 101 रूपया ही लिया गया था।
चिट्ठी और लगन की रस्म में भी सचिन ने 101 रुपये ही लिए थे। बीते गुरुवार को सचिन नागर शादी के परिणय सूत्र में बंध गए और अपनी दुल्हन को विदा कराकर अपने घर ले आए। सचिन के पिता तेजपाल सिंह कहते हैं कि उन्होंने पहले ही सोच लिया था कि सचिन की शादी में दहेज नहीं लेंगे। कहा कि यदि दहेज रूपी दानव को खत्म करना है तो हमें खुद से इसकी पहल करनी होगी।












Click it and Unblock the Notifications