गौरव चंदेल हत्याकांड: क्या है मिर्ची गैंग और कैसे करता है काम?
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हुए गौरव चंदेल हत्याकांड में पुलिस ने मिर्ची गैंग से जुड़े बदमाश उमेश और गैंग के सरगना आशु जाट की पत्नी को गिरफ्तार किया है। आशु जाट फरार है, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने एक लाख रुपए के इनाम की घोषणा की है। बता दें, मिर्ची गैंग ज्यादातर पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ में सक्रिय है।

आशु जाट है मिर्ची गैंग का सरगना
गाजियाबाद के काजीपुरा का रहने वाला 27 वर्षीय आशू जाट उर्फ प्रवीण उर्फ धर्मेंद्र इस गिरोह का सरगना है। आशु जाट पर हत्या, लूट और कार चोरी करने के 40 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। आशु और उसके साथी लूट की घटना को अंजाम देने के लिए मिर्ची पाउडर का सहारा लेते थे। आशु की पत्नी पूनम गैंग को मदद करने और साजो-सामान मुहैया करने का काम करती है। साल 2018 में गैंग के सरगना और सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद गैंग ने अपने काम का तरीका बदल दिया। आशु जाट वारदात के वक्त कभी भी मोबाइल फोन नहीं ले जाता। अपने सहयोगियों के फोन से ही बात करता था।

लूटे हुए वाहन से करते हैं वारदात
मिर्ची गैंग लूट के वाहन से दो-तीन वारदात को अंजाम देने के बाद उसे छोड़ देते और दूसरे वाहन को निशाना बनाते हैं। वहीं, जिस तरह गौरव चंदेल की कार गाजियाबाद के एक पार्क से लावारिस हालत में मिली थी, उससे माना जा रहा है कि गौरव की कार से भी गैंग ने अन्य वारदात को अंजाम दिया होगा।

छह जनवरी को हुई थी गौरव चंदेल की हत्या
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ सिटी सोसायटी में रहने वाले गौरव चंदेल हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में रीजनल मैनेजर थे। बीती 6 जनवरी की रात करीब साढ़े दस बजे वह गुरुग्राम से घर लौट रहे थे। पर्थला गोलचक्कर के आगे बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी और कार समेत सभी सामान लूट कर भाग गए थे।












Click it and Unblock the Notifications