सुषमा के लिव इन पार्टनर भाटी ने ही रची थी उसकी हत्या की साजिश, पुलिस के सामने यूं टूटा
नोएडा। ग्रेटर नोएडा की रागिनी गायिका सुषमा नेकपुर हत्याकांड में पुलिस ने रविवार को महिला के लिव इन पार्टनर सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड का मास्टमाइंड सुषमा का लिव इन पार्टनर गजेंद्र भाटी ही निकला। सुषमा की फरमाइशों से आजिज आकर भाटी ने ही उसकी हत्या की साजिश रची थी। भाटी ने भाड़े के शार्प शूटरों से सुषमा को मौत के घाट उतार दिया।

मुठभेड़ में पकड़े गए दो शार्प शूटर
गौतमबुद्ध नगर जिले के एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि ठेके पर सुषमा की हत्या करने वाले शार्प शूटरों में से एक बुलंदशहर का मुकेश है और दूसरा गौतमबुद्ध नगर का संदीप है। बाकी गिरफ्तार हुए लोगों में हत्या का मास्टमाइंड सुषमा का लिव इन पार्टनर गजेंद्र भाटी भी शामिल है। गजेंद्र के साथ पुलिस ने उसके कार चालक अमित, अमित के चचेरे भाई अजब सिंह, गजेंद्र भाटी के दोस्त प्रमोद महसाना को भी गिरफ्तार किया है। दोनों शार्प शूटरों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। दोनों के पैरों में गोलियां लगी हैं।

लिव इन पार्टनर ने क्यों करवाई हत्या?
एसएसपी वैभव कृष्ण वैभव कृष्ण ने बताया कि रागिनी गायिका और गजेंद्र भाटी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। 13 फरवरी 2018 को सुषमा के तानों और फरमाइशों से तंग आकर गजेंद्र भाटी ने भी आत्महत्या की कोशिश की थी। कुछ समय के लिए मामला शांत रहा, बाद में सुषमा अपने बेटे के लिए जमीन में हिस्सेदारी और अन्य मांगें फिर करने लगी। परेशान होकर भाटी ने भाड़े के शार्प शूटर्स से सुषमा को एक अक्टूबर को गोलियों से भुनवा डाला।

पहले भी कर चुके थे हमला
एसएसपी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल एक कार और भी जब्त कर ली गई है। शार्प शूटरों पर कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन्हीं शूटरों ने सुषमा पर बुलंदशहर इलाके में भी हमला किया था। उस घटना में सुषमा के साथ उसका भाई व कुछ और लोग जान बचाकर भाग निकलने में कामयाब रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications