दिल्ली: ऑफिस से घर लौट रही युवती पर मकानमालिक के बेटे ने फेंका तेजाब
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा अभी भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। बलात्कार, छेड़खानी के अलावा एसिड अटैक जैसा जघन्य अपराध दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में ताजा मामला केशवपुरम इलाके में शुक्रवार की रात देखने को आया है। यहां मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने एक युवती के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। इस तेजाबी हमले में पीडि़ता बुरी तरह झुलस गई जिसे पहले तो इलाज के लिए पीतमपुरा के महावीर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए एलएनजेपी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया जो पीडि़ता के मकानमालिक का बेटा है। उसकी पहचान मनजीत के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक 26 वर्षीय पीड़ित रामपुरा इलाके के चंदर क्वार्टर में परिवार के साथ रहती है। वह लारेंस रोड में किसी फैक्ट्री में काम करती है। रात में वह ड्यूटी से घर लौट रही थी। उसी वक्त मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और उसपर तेजाब फेंक कर फरार हो गये।
युवती की बुरी तरह से चींखने पर आसपास के लोग आए और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। युवती ने बताया कि उसका मकान मालिक से विवाद चल रहा है। उसके बेटे मनजीत ने उसे सबक सिखाने की धमकी दी थी। इस कारण उसने घटना को अंजाम दिया है।












Click it and Unblock the Notifications