उन्नावः दुष्कर्म के आरोपी कुलदीप सेंगर के छोटे भाई का दिल्ली में निधन
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव दुष्कर्म मामले के आरोपी विधायक कुलदीप सेंगर के छोटे भाई मनोज सेंगर का रविवार तड़के सुबह तीन बजे निधन हो गया। अभी तक प्राप्त जानकारी के मुताबिक उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। बता दें कि मनोज सेंगर रायबरेली जिले में हुए दुष्कर्म पीड़िता के एक्सीडेंट की घटना में नामजद थे।

सूचना के मुताबिक मनोज की रविवार सुबह अचानक तबियत खराब बिगड़ी थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मनोज दिल्ली रहकर बड़े भाई कुलदीप सिंह सेंगर के मुकदमों की पैरवी कर रहे थे। गौरतलब है कि 19 साल की एक लड़की ने कुलदीप सिंह सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था।
लड़की का आरोप था कि साल 2017 में कुलदीप ने अपने आवास पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर इस समय जेल में बंद हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मामले की सुनवाई अब दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में हो रही है।
एक्सीडेंट मामले में नामजद थे मनोज
पीड़िता के चाचा ने इस एक्सीडेंट को साजिश बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में दस लोग नामजद थे, जिसमें मनोज सेंगर का भी नाम शामिल था। बता दें कि रायबरेली हादसे में पीड़िता की चाची और मौसी की मौत हो गई थी। जबकि पीड़िता का वकील गंभीर रूप से घायल हो गया था। सड़क हादसे के बाद उन्हें लखनऊ में भर्ती कराया गया था। हालांकि बाद में उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया। आरोपी कुलदीप सेंगर इन दिनों दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।
यह भी पढ़ेंः जेल में बंद छात्रा की जमानत पर हाईकोर्ट में सुनवाई, चिन्मयानंद का वकील बोला- गैंगस्टर एक्ट लगे












Click it and Unblock the Notifications