अमेरिकी वायुसेना में भर्ती हुए राजस्थान के भाई-बहन, सुवीर शेखावत व प्रज्ञा शेखावत की कामयाबी
नई दिल्ली। राजस्थान में सबसे अधिक फौजी देने वाले जिले झुंझुनूं में गुढ़ा-नवलगढ़ रोड पर एक गांव है जाखल। यहां के राजपूत परिवार के बेटा-बेटी ने कमाल कर दिखाया है। जाखल के सुवीर शेखावत (Suveer Shekhawat) और प्रज्ञा शेखावत (Pragya Shekhawat) ने कामयाबी की ऊंची उड़ान भरी है। राजपूत भाई-बहन की यह जोड़ी अमेरिकी एयरफोर्स (American airforce) में भर्ती हुई है।
Recommended Video

चाचा ने बताई भतीजा-भतीजी की सक्सेस स्टोरी
गांव जाखल में रह रहे सुवीर शेखावत व प्रजा शेखावत के चाचा बसंत शेखावत ने वन इंडिया हिंदी से खास बातचीत में बयां किया अपने भतीजे-भतीजी का राजस्थान से अमेरिका तक का सफर और बताया कि किस तरह से दोनों अमेरिकी वायुसेना में जगह बनाई।

सुवीर शेखावत बन गए कैप्टन
राजस्थान में नवलगढ़ तहसील के गांव जाखल के सुवीर सिंह शेखावत ने वर्ष 2015 में अमेरिकी वायुसेना में कमिशन मिला था। कड़ी ट्रेनिंग के बाद सुवीर युद्धक विमान उड़ाने लगे थे। पांच साल पहले बतौर सैकंड लेफ्टिनेंट अमेरिकी एयरफोर्स ज्वाइन करने वाले सुवीर शेखावत प्रमोशन पाकर वर्तमान में कैप्टन के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

दो दिन पहले बहन प्रज्ञा को मिला कमिशन
बड़ागांव निवासी परिवार में चाचा अभय सिंह शेखावत बताते हैं कि सुवीर के बाद उनकी बहन प्रज्ञा ने भी यूएसए एयरफोर्स ज्वाइन किया है। प्रज्ञा को सैकंड लेफ्टिनेंट के रूप में 19 सितम्बर 2020 को कमिशन मिला है। कोरोना महामारी की वजह की वजह से इस बार अमेरिकी एयरफोर्स की सैल्यूट सेरेमनी सामान्य रही है।

91 साल की दादी भी पहुंची सेरेमनी में
प्रज्ञा शेखावत के दुनिया की सबसे शक्तिशाली एयरफोर्स का हिस्सा बनने के खास मौके सैल्यूट सेरेमनी की खास बात यह रही कि इसमें प्रज्ञा के माता-पिता के अलावा उनकी 91 साल की दादी इचरज कंवर ने भी हिस्सा लिया। प्रज्ञा ने अपना पहला सैल्यूट भाई कैप्टन सुवीर शेखावत को किया।

सुवीर ने अमेरिका में ही की शादी
चाचा बसंत शेखावत के अनुसार सुवीर की शादी हो चुकी है। छह माह पहले सुवीर ने अमेरिका की एलिशन से शादी की। एलिशन मेडिकल के क्षेत्र में कार्यरत है। वर्तमान में सुवीर का परिवार अमेरिका के वेस्ट वर्जिनिया के मोरगन टाउन में रहता है। प्रज्ञा फिलहाल अविवाहित है। सुवीर और प्रज्ञा अक्सर अपने पैतृक गांव जाखल भी आते रहते हैं।

सुवीर-प्रज्ञा के पिता हैं वैज्ञानिक
सुवीर-प्रज्ञा के पिता दुष्यंत सिंह शेखावत अमेरिका में फेडरल सरकार में बतौर वैज्ञानिक कार्यरत हैं। माता अर्चना कंवर टीचर हैं। अर्चन कंवर मूलरूप से जयपुर की रहने वाली हैं। इनके दादा इंद्रसिंह शेखावत जनसंघ पार्टी के पदाधिकारी और गायत्री उपासक भी थे। अपने बेटा-बहू व पोता-पोती से मिलने इंद्रसिंह जब अमेरिका गए थे तब उन्होंने वहां पर भारपतीय मूल के लोगों को एकत्रित कर गायत्री यज्ञ भी करवाया था।

सरकारी नौकरी छोड़ गए थे अमेरिका
सुवीर-प्रज्ञा के पिता दुष्यंत सिंह शेखावत एमएससी, बीएड करने के बाद राजस्थान में रसायन विज्ञान के व्याख्याता के पद पर सरकारी नौकरी लगे। सिरोही जिले के स्कूल में ज्वाइन भी किया। 1992-93 में शिक्षक की सरकारी नौकरी छोड़कर पत्नी के साथ अमेरिका चले गए। वहां केमिकल इंजीनियरिंग की डिग्री ली और फिर वैज्ञानिक के पद पर ज्वाइन किया। प्रज्ञा व सुवीर का जन्म भी अमेरिका में ही हुआ।

दोनों का है जड़ों से जुड़ाव
सुवीर और प्रज्ञा ने भले ही दुनिया की सबसे शक्तिशाली एयरफोर्स ज्वाइन किया है, मगर इनका अपनी जड़ों से गहरा जुड़ाव है। यही वजह है कि दोनों भाई बहन अक्सर अपने पैतृक गांव जाखल आते रहते हैं।

स्कूली बच्चों को सिखाया रोबोटिक
बसंत शेखावत बताते हैं कि तीन साल पहले जब प्रज्ञा गांव आई तो वह यहां के युवाओं में घुल-मिल गई थी। स्कूली छात्राओं को उसने रोबोटिक भी सिखाया और खेत में ट्रैक्टर भी चलाया था। जबकि सुवीर को गांव आए करीब पांच साल हो गए।

गांव जाखल में खुशी का माहौल
चाचा बसंत शेखावत व अभय शेखावत ने बताया कि दो दिन बेटी प्रज्ञा के भी अमेरिका वायुसेना में भर्ती होने की खबर मिली तो पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। हर कोई दुष्यंत सिंह शेखावत के बेटा-बेटी की इस कामयाबी पर गर्व कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications