AAP में बढ़ा झगड़ा: देवेंद्र सहरावत पर मानहानि का केस करेंगे संजय सिंह
नई दिल्ली। ऐसा लगता है कि आम आदमी पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने अपनी ही पार्टी के एक विधायक की टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए मानहानि का मुकदमा करने की बात कही है।

आम आदमी पार्टी में बढ़ा विवाद
आम आदमी पार्टी पंजाब में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। इस बीच पार्टी के विधायक कर्नल देवेंद्र सहरावत ने एक पत्र आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लिखी थी।
जिसमें उन्होंने लिखा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी का टिकट देने के बदले महिलाओं के शोषण की बातें सामने आ रही हैं। इस चिट्ठी में उन्होंने आप के चार नेताओं के नाम का जिक्र किया था।
सहरावत के आरोपों पर पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रभारी संजय सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सहरावत ने उनके चरित्र को लेकर उंगलियां उठाई हैं। उनके आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। मैं इस मामले को लेकर कोर्ट जाऊंगा। देवेंद्र सहरावत के खिलाफ मानहानि का केस करूंगा।
देवेंद्र सहरावत ने लिखा था केजरीवाल को पत्र
बता दें कि देवेंद्र सहरावत बिजवासन से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। केजरीवाल सरकार में मंत्री रहे और पार्टी से निकाले जा चुके संदीप कुमार की सेक्स सीडी सामने आने के बाद देवेंद्र सहरावत ने अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने पार्टी के कुछ नेताओं पर निशाना साधा था।
दूसरी ओर संजय सिंह का कहना है कि जब से योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को पार्टी से निकाला गया है, तभी से देवेंद्र सहरावत नाराज हैं। वह लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने जो आरोप लगाए हैं उसके लिए उन्हें कोर्ट में जवाब देना होगा। वह दूसरे के चरित्र का हनन नहीं कर सकते हैं।
संजय सिंह बोले, आरोप साबित हुए तो राजनीति से ले लूंगा संन्यास
संजय सिंह ने आगे कहा कि अगर उन पर लगाए गए आरोप सही साबित हुए तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
उन्होंने पूछा कि देवेंद्र सहरावत तीन बार आप के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, क्या वह बताएंगे कि उन्हें तीनों बार टिकट कैसे मिला। उन्होंने इसके लिए पार्टी को क्या लाभ पहुंचाया।
संजय सिंह के मानहानि के केस को लेकर देवेंद्र सहरावत ने कहा कि वह अपने बयान से पीछे नहीं हटेंगे। हमने पूरी जांच पड़ताल के बाद ये पत्र लिखा है।












Click it and Unblock the Notifications