Ravi Kumar Sihag Topper : श्रीगंगानगर के रवि कुमार सिहाग का UPSC 2021 में कमाल, पहले 337 अब AIR 18
नई दिल्ली, 30 मई। संघ लोक सेवा आयोग ( UPSC ) ने सोमवार को सिविल सेवा परीक्षा ( CSE ) 2021 का अंतिम रिजल्ट घोषित कर दिया है। उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली श्रुति शर्मा ने यूपीएससी 2021 टॉप किया है। दूसरे स्थान पर अंकिता अग्रवाल, तीसरे स्थान पर गामिनी सिंगला रही हैं।

Ravi Kumar Sihag AIR 18 UPSC 2021
यूपीएससी 2021 रिजल्ट में राजस्थान के रवि कुमार सिहाग ने भी कमाल कर दिखाया है। रवि सिहाग हिंदी माध्यम से टॉपर बने हैं। यूपीएससी 2018 में 337वीं रैंक हासिल करने वाले रवि सिहाग ने अब सोमवार को जारी हुए रिजल्ट में 18वीं रैंक हासिल की है।
श्रीगंगानगर में किसान के बेटे हैं रवि कुमार सिहाग
रवि सिहाग मूलरूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर के गांव 3बीएम से किसान के बेटे हैं। कभी पिता के खेतों में भी काम किया करते थे। परिवार की आर्थिक हालत मजबूत नहीं होने के बावजूद पिता ने बेटे को यूपीएससी की कोचिंग के लिए दिल्ली भेजा और नतीजा हम सबके सामने हैं। बेटे रवि सिहाग ने यूपीएससी दो बार क्रैक कर डाली।

2015 में पूरी की कॉलेज की पढ़ाई
बता दें कि साल 2015 में अपनी कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद रवि सिंहाग एक साल घर पर ही रहे। इसी दौरान बहन की शादी की। फिर साल 2016 में दुबारा किताबों से दोस्ती की और यूपीएससी की तैयारी करने की ठानी। दो साल की मेहनत साल 2018 में रंग लाई जब रवि ने 337वीं रैंक हासिल की। तब इन्हें IRTS कैडर अलॉट हुआ।

मॉक इंटरव्यू के वीडियो वायरल
बता दें कि आईएएस रवि कुमार सिहाग के यूपीएससी के मॉक इंटरव्यू भी खूब वायरल हो रहे हैं। साक्षात्कार में रवि के बाल ठीक तरीके से नहीं बने थे। दोनों कानों की तरफ उनके बाल थोड़े उलझे हुए थे। तब पैनल में से एक अधिकारी ने कहा कि आपके बाल मोर पंख की तरह न निकलें। आप जेल लगा लीजिए जिससे यह जमे रहें।

यूपीएससी 2021 का रिजल्ट घोषित
उल्लेखनीय है कि यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2021 में कुल 685 उम्मीदवार सफल हुए हैं। इनमें से 244 जनरल, 73 ईडब्ल्यूएस, 203 ओबीसी, 105 एससी और 60 एसटी कैटेगरी के हैं। इंटरव्यू और मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर चयनित उम्मीदवारों की मेरिट जारी की गई है।
UPSC 2021 Toppers : ये हैं टॉपर्स
पहला स्थान - श्रुति शर्मा
दूसरा स्थान- अंकिता अग्रवाल
तीसरा स्थान - गामिनी सिंगला
चौथा स्थान - ऐश्वर्य वर्मा
पांचवा स्थान - उत्कर्ष द्विवेदी
छठा स्थान - यक्ष चौधरी
सातवां स्थान - सम्यक एस जैन
आठवां स्थान - इशिता राठी
नौवां स्थान - प्रीतम कुमार
दसवां स्थान - हरकीरत सिंह रंधावा












Click it and Unblock the Notifications