केजरीवाल की 'शांति' भंग, इस्तीफे की उठी मांग
नयी दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में खलबली मच गई है। पार्टी के संस्थापक सदस्य और वरिष्ठ नेता शांति भूषण के एक बयान ने पार्टी की शांति भंग कर दी है। शांति भूषण ने भारतीय जनता पार्टी के सीएम उम्मीदवार किरण बेदी को आप के संयोजक और मुख्यमंत्री पद के दावेदार अरविंद केजरीवाल से बेहतर बताकर पार्टी में खलबली मचा दी है। अपने बयान से पीछे हटने के बजाए शांति भूषण ने अपना हमला जारी रखते हुए पार्टी संयोजक केजरीवाल से इस्तीफा मांगा है।
न्यूज चैनल हेडलाइंस टुडे को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में आम आदमी पार्टी के सबसे सीनियर नेता शांति भूषण ने कहा कि केजरीवाल रास्ता भटक गए हैं। किरण बेदी को सीएम उम्मीदवार बनाकर भाजपा ने मास्टस्ट्रोक खेला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए किरण बेदी बेस्ट च्वाइस हैं। शांति भूषण ने कहा कि किरण बेदी के तौर पर दिल्ली को एक बेहतर सीएम मिलेगा। जबकि अरविंद केजरीवाल केवल जीतना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल को आप के संयोजक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि आम आदमी पार्टी का विचार केजरीवाल से बड़ा है। केजरीवाल पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि अरविंद ने अपने चारों ओर लोगों का घेरा बना रखा है, जो पार्टी को नुकसान पहुंचा रहा है।
शांति भूषण ने दावा किया कि उनके बेटे प्रशांत भूषण भी व्यक्तिगत तौर पर उनसे सहमत होंगे, लेकिन चुनाव का समय होने से वह सार्वजनिक रूप से इसे स्वीकार नहीं कर रहे हैं.। भूषण ने कहा कि वो पार्टी के नए संयोजक के चुनाव के लिए 10 फरवरी के बाद पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाएंगे।













Click it and Unblock the Notifications