दिल्ली चुनाव: दोपहर के बाद मतदान में तेजी, 2:30 बजे तक 46 फीसदी मतदान

दिल्ली निर्वाचन आयोग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में 11 बजे पूर्वाह्न् तक 17 प्रतिशत मतदान हुआ। अभी तक दिल्ली के चार क्षेत्रों में से पूर्वी दिल्ली में 11 प्रतिशत, पूर्वोत्तर दिल्ली में 12 प्रतिशत, पश्चिमी दिल्ली में 12 प्रतिशत और उत्तरी दिल्ली में 10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में अब तक 31 प्रतिशत मतदान हो चुका है। दिल्ली में करीब 1.19 करोड़ नागरिक मतदान के पात्र हैं। बुराड़ी में सबसे अधिक (23) और पटेल नगर में सबसे कम (4) उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 2008 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में 57.58 फीसदी मतदान हुआ था। राज्य में तीन बार मुख्यमंत्री रही कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि लोग उनकी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य के लिए मतदान करेंगे।
शीला ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि लोग पिछले 15 सालों में हमारे द्वारा किए गए विकास और कार्य के लिए मतदान करेंगे। मैं यह नहीं कहना चाहूंगी कि हम कितनी सीटें जीतेंगे। उन्होंने अपनी पार्टी के खिलाफ किसी सत्ता विरोधी लहर से भी इंकार किया। शीला ने कहा कि मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच और वह आप को मजबूत दावेदार के रूप में नहीं देखतीं।
इधर, भाजपा की तरफ से चिकित्सक-राजनीतिज्ञ हर्षवर्धन और आप की तरफ से अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं।हर्षवर्धन ने दावा किया है कि उनकी पार्टी कांग्रेस और आप से कहीं आगे है। हर्षवर्धन ने कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में मतदान करने के बाद संवाददाताओं से कहा, "भाजपा, कांग्रेस और आप दोनों से कहीं आगे है। यह कांग्रेस और आप है जो दूसरे स्थान के लिए लड़ रही है। कोई हमारे वोट बैंक में सेंध नहीं लगा सकता।
लेकिन इन दावों के बीच केजरीवाल आश्वस्त नजर आ रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि मैं परिणाम को लेकर काफी आश्वस्त हूं। यह मेरी नहीं बल्कि जनता की जीत होगी। चुनाव पूर्व कराए गए सर्वेक्षण में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना के बीच प्रचार में काफी तेजी देखी गई। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सुबह मतदान किया। पति राबर्ट वाड्रा के साथ सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी ने भी मतदान किया।












Click it and Unblock the Notifications