देवेंद्र झाझड़िया ने खुद का ही विश्व रिकॉर्ड तोड़कर टोक्यो पैरालंपिक 2021 के लिए किया क्वालिफाई
नई दिल्ली, 30 जून। खेलों की दुनिया में देवेंद्र झाझड़िया का नाम ही काफी है। ये भारत का वो इकलौता खिलाड़ी है, जो पैरालंपिक से दो बार स्वर्ण पदक ला चुका है। अब फिर से देवेंद्र ने पैरालंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है। उम्मीद है कि देवेंद्र झाझड़िया इस बार पैरालंपिक में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक बनाने में सफल होंगे।

अगले माह शुरू होगा टोक्यो पैरालंपिक 2021
बता दें कि जापान की राजधानी टोक्यो में जुलाई 2021 में शुरू हो रहे पैरा ओलम्पिक के लिए देवेंद्र झाझड़िया ने नई दिल्ली के नेहरू स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में विश्व रिकॉर्ड के साथ क्वालिफाई किया है। उल्लेखनीय है कि देवेंद्र झाझड़िया मूलरूप से राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर उपखंड के रहने वाले हैं।

देवेंद्र का पिछला विश्व रिकॉर्ड 63.97 मीटर था
भारत की ओर से टोक्यो पैरालंपिक 2021 के लिए देवेंद्र झाझड़िया के साथ-साथ अजित कुमार व सुंदर गुर्जर ने भी जैवेलिन थ्रो में क्वालिफाई किया है। देवेंद्र ने 65.71, अजित कुमार ने 63.96 व सुंदर गुर्जर ने 62.20 मीटर भाला फेंका है। देवेंद्र का पिछला विश्व रिकॉर्ड 63.97 मीटर था, जिसे अब खुद ने ही तोड़ दिया।

देवेंद्र झाझड़िया का इंटरव्यू
टोक्यो पैरालंपिक 2021 की क्वालिफाई प्रतियोगिता में एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले देवेंद्र झाझड़िया ने वन इंडिया हिंदी से बातचीत में बताया कि उनका प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार है। इससे वे बहुत खुश हैं। उनका उत्साह कई गुना बढ़ गया। पैरालंपिक में स्वर्ण पदक की हैट्रिक बनाने से बस एक कदम दूर हूं।












Click it and Unblock the Notifications