दिल्ली में बिजली के तारों के सहारे घर में घुसा चोर, CCTV में कैद हुआ देसी 'स्पाइडर-मैन'
नई दिल्ली, 03 जून: राजधानी दिल्ली की एक कॉलोनी में चोर के चोरी करने के तरीके का हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। चोर स्पाइडमैन की तरह एक घर में दाखिल होता है। इसके लिए वह बिजली के तारों का सहारा लेता है। चोर घर के अंदर घुसकर मोबाइल सहित कीतमी सामान चोरी कर ले गया। चोर के स्पाइडमैन की तरह घर में घुसने का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फिलहाल, पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Recommended Video

नींद से उठे तो गायब था मोबाइल
घटना उत्तर पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाना इलाके के गली नंबर 23 की है। 'स्पाइडर-मैन चोर' की चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित सुरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। पीड़ित के परिवार में 8 सदस्य हैं। 1 जून की सुबह जब सुरेंद्र सिंह सोकर उठे तो उनका मोबाइल गायब था। पूरे घर में तलाशने के बाद भी जब मोबाइल नहीं मिला तो उन्होंने घर के अलमारी में मोबाइल को खोजना शुरू किया, जहां पता चला कि अलमारी के लॉकर में रखी सोने का चेन और अंगूठी भी गायब है।

बिजली के तारों के सहारे घर में दाखिल हुआ 'स्पाइडर-मैन' चोर
पीड़ित ने चोरी के शक में घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक किया। वीडियो में एक शख्स 'स्पाइडर-मैन' की तरह बिजली के तारों के सहारे घर की बालकनी में घुसने की कोशिश कर रहा था। चोर घर की बालकनी के जरिए कमरे में पहुंचा और मोबाइल और ज्वेलरी चोरी करके फरार हो गया।

महज 30 मिनट में दिया वारदात को अंजाम
सीसीटीवी में कैद फुटेज के अनुसार चोर ने यह पूरी वारदात को महज 30 मिनट में अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, चोर रात में 2:24 मिनट पर घर में दाखिल हुआ और 2:58 मिनट पर वारदात को अंजाम देकर भाग निकला। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications