दिल्ली चुनाव: भाजपा विधायक प्रद्दुम्न राजपूत का इंटरव्यू
नयी दिल्ली (बविता झा)। दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। 7 फरवरी को मतदान और 10 को मतगणना। इसी के साथ सियासी पार्टियों के बीच हलचल अपने चरम पर पहुंच चुकी है। दिल्ली के सियासत में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस जहां हड़बड़ाई हुई दिख रही है तो वहीं भारतीय जनता पार्टी रिलेक्स मूड में है। रिलेक्स का मतलब ये नहीं कि भाजपाई सो रहे है। जहां भी ग्रांउड लेवल पर काम जोरों-शोरों से चल रहा है। पार्टी दफ्तरों में कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं का जमावड़ा हो रहा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के भीतर क्या तैयारियां चल रही है ये जानने के लिए हम पहुंचें द्वारका विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रद्दुम्न राजपूत के दफ्तर।

आपको बता दें कि दिल्ली भाजपा के दिग्गज नेताओं की सूची में प्रद्दुम्न राजपूत का नाम आता है। सागरपुर स्थित विधायक जी के दफ्तर पर लोगों की भीड़ लगी हुई थी। चुनाव को लेकर बैठकों का दौर जारी था। थोड़ी देर बाद विधायक जी भी पहुंचे। हमने उनसे दिल्ली चुनाव को लेकर कुछ सवाल किए। पेश है भाजपा विधायक प्रद्दुम्न राजपुत के साथ इंटरव्यू के कुछ खास अंश
वनइंडिया: इस बार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के लिए सबसे बड़ी क्या होगी?
प्रद्दुम्न राजपूत: भाजपा के सामने ना तो कोई चुनौती पहले थी और न कोई चुनौती अब रही है। भाजपा अपने मुद्दों पर चुनाव लड़ती है। हमारे लिए सबसे अहम मुद्दा है विकास। हम सबका साथ, सबका विकास नीति पर चलते है। यहीं नीति मैंने अपने द्वारका विधानसभा क्षेत्र में भी लागू की है। हमरा मुद्दे हमारे लिए अहम है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नक्शेकदम पर चलकर हम इस बार दिल्ली में जीत हासिल करेंगे।
वनइंडिया: आम आदमी पार्टी भाजपा पर आरोप लगा रही है कि उसके पास कोई मुख्यमंत्री चेहरा नहीं है। क्या ये बात सच है कि भाजपा को इस बार सीएम फेस की कमी खल रही हैं?
प्रद्दुम्न राजपूत: भाजपा के भीतर फैसले लेने का हक सिर्फ पार्टी हाईकमान का है। केजरीवाल जी के कहने से हम किसी को अपना नेता नहीं मान लेंगे या वो कुछ कहेंगे और हम मान लेंगे ऐसा नहीं होता। भाजपा का अपना तंत्र है। हम अपने उस तंत्र के मुताबिक ही काम करते हैं। हमारे पास सीएम पद के दावेदारों की कमी नहीं है। फिर चाहें वो विजय गोयल जी हो या फिर हर्षवर्धन जी या जगदीश मुखी है। ऐसे कई चेहरे हमारे पास है, लेकिन हमारा तंत्र है जिसके मुताबिक चुनाव के बाद विधायक तय करेंगे कि सीएम कौन हो या पार्टी हाईकमान तय करेगी कि मुख्यमंत्री पद का दावेदार कौन हो।
वनइंडिया: दिल्ली भाजपा में नेतृत्व को लेकर हमेशा सवाल उठते रहे हैं? क्या पार्टी नेतृत्व को लेकर खुश नहीं हैं?
प्रद्दुम्न राजपूत: पार्टी के भीतर कोई मतभेद नहीं है। ये कोई मुद्दा नहीं है। पार्टी हाईकमान सब तय करती है। जो पार्टी हाईकमान जो तय करती है उसके आगे कुछ नहीं। सबको इस बात को मानना होता है। इसलिए हमारे यहां जो भाजपा आलाकमान ने तय किया उसे लेकर कोई मतभेद नहीं है।
सवाल: क्या दिल्ली चुनाव में भाजपा के पास सिर्फ मोदी का नाम है. जिसपर आप लोगों से वोट मांगेंगे?
प्रद्दुम्न राजपूत: मोदी जी ने पिछले कुछ महीनों में जो काम किया वो लोगों का भाजपा पर और विश्वास बढ़ाता है। हम मोदी जी के नाम पर, अच्छे दिन के नाम पर, महंगाई कम करने के नाम पर लोगों से वोट मांगेंगे। हम विकास के लिए लोगों से वोट मांगेंगे।
वनइंडिया: आम आदमी पार्टी ने अब तक 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए है। वहीं कांग्रेस ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है, लेकिन ऐसी हलचल भाजपा में नहीं दिखाई दे रही हैं। भाजपा को किसका इंतजार है?
प्रद्दुम्न राजपूत: हमारे यहां लगभग सारी बातें तय हो गई है। लगभग सारी सीटों पर उम्मीदवारों के नाम कर लिए गए है। कुछ सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की चर्चा चल रही है। जल्द ही उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।
वनइंडिया: इस बार भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती कौन साबित होगा? आप या कांग्रेस?
प्रद्दुम्न राजपूत: आज की स्थिति में भारतीय जनता पार्टी के लिए कोई चुनौती नहीं है बल्कि भाजपा सबके के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। अब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को मोदी जी और भाजपा सबसे बड़ी चुनौती हैं।
वनइंडिया: क्या आम आदमी पार्टी भाजपा को सीटों का नुकसान पहुंचा सकती हैं?
प्रद्दुम्न राजपूत: भाजपा को किसी से कोई नुकसान नहीं होगा। लोगों के सामने आम आदमी पार्टी की पोल खुल गई है। पिछले एक साल से दिल्ली की विकास ठप पड़ा हुआ है। विधायक निधि का फंड बंद कर दिया गया। हम चाहकर भी क्षेत्र के लोगों के लिए फंड खर्च नहीं कर पा रहे है। इन सबके पीछे सिर्प केजरीवाल का हाथ है। बजाए सरकार में बनें रहने के वो 49 दिन में भाग खड़े हुए। ऐसे में दिल्ली की जनता भगोड़े के हाथ में दोबारा सत्ता नहीं सौपेंगी।
वनइंडिया: आप ने अपने क्षेत्र में ऐसा कौन सा काम किया है कि आपकी जनता आपको दोबारा चुनकर?
प्रद्दुम्न राजपूत: मैंने अपना पूरा कार्यकाल विकास को समर्पित कर दिया। मैंने अपने पहले 4 साल के कार्यकाल में जितना हो सका वो सारा काम करवाया। सड़के, सीवर, कॉलनियों के भीतर द्वार, 1500 सोडियम लाइट लगवाई, थाना बनवाया, अपने विधानसभा क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस खुलवाई, 6000 पेंशन लगवाई, पानी की लाइनें लगवाई, 50 सेमी हाईलाइन लगवाई, विधा नसभा क्षेत्र के चारों ओर पक्की सड़के बनवाई। मोदी जी की सरकार आने के बाद हमने विधायक निधि का 98 फीसदी पैसा खर्च कर दिया है। जनता हमारे काम से खुश है और उम्मीद करते है कि हमें आगे भी काम करने का मौका दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications