ये है 'डिजिटल' चायवाला, 7 रुपये की चाय के लिए लेता है ऑनलाइन पेमेंट
दक्षिणी दिल्ली के आरके पुरम में चाय की दुकान लगाने वाले इस दुकानदार ने पेटीएम के जरिए अब अपने ग्राहकों से ऑनलाइन पेमेंट लेना शुरू कर दिया है।
नई दिल्ली। मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले को दिल्ली के एक चायवाले ने खास अंदाज में समर्थन किया है। इस चायवाले ने खुले पैसे की समस्या को देखते हुए ऑनलाइन पेमेंट लेना शुरू किया है।

दक्षिणी दिल्ली में है इस चायवाले की दुकान
500 और 1000 रुपये के नोट पर प्रतिबंध के मोदी सरकार के फैसले पर जहां कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं। वहीं बैंकों में नोट बदलने को लेकर लाइन लगाने पर भी मोदी सरकार की खिंचाई की जा रही है।
इस सबके बीच दक्षिणी दिल्ली के इस चायवाले ने मोदी सरकार के उठाए गए कदम में खास भागीदारी की है।
दक्षिणी दिल्ली के आरके पुरम में चाय की दुकान लगाने वाले इस दुकानदार ने पेटीएम के जरिए अब अपने ग्राहकों से ऑनलाइन पेमेंट लेना शुरू कर दिया है।
खुले की समस्या के मद्देनजर शुरू की खास सुविधा
जहां एक तरफ लोग नोटबंदी के फैसले के बीच खुले हुए पैसे के लिए बैंकों में लाइन लगा रहे हैं। ऐसे में इस डिजिटल चायवाले ने बेहद अच्छा उदाहरण पेश किया है।
इस डिजिटल चायवाले का नाम मोनू है। मोनू के यहां चाय महज सात रुपये की है। मोनू ने बताया कि शुरू में उसे अपनी चाय के दाम की वजह से खुले की समस्या हुई लेकिन अब ये समस्या खत्म हो गई है।
अब लोग उसकी दुकान पर चाय पीते हैं उसके बाद पेटीएम से उसका भुगतान करके चले जाते हैं। पेटीएम के ऑनलाइन ट्रांसफर से मोनू की खुले की समस्या खत्म हो गई है।
लोगों ने भी की मोनू के कदम की सराहना
लोगों को भी उसके इस कदम का फायदा मिल रहा है। उन्हें भी अब खुले हुए पैसे चाय के लिए खोजने की जहमत नहीं उठानी पड़ रही है।
मोनू का कहना है कि उसने पेटीएम के जरिए ऑनलाइन पेमेंट लेना लोगों की सहूलियत के लिए शुरू किया। साथ ही मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले को भी समर्थन दे रहा हूं।
7 रुपए की चाय की वजह से लोगों को खुले पैसे की समस्या नहीं हो इसलिए मैंने हाल ही में पेटीएम के जरिए ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा शुरू की।
पीएम मोदी के फैसले मोनू ने किया समर्थन
मोनू के इस कदम का फायदा यहां आने वाले ग्राहकों को भी हो रहा है। उनका कहना है कि मोनू के इस कदम से अब उनका प्रिय चायवाला डिजिटल चायवाला बन गया है।
मोनू की दुकान पर आने वाली जॉयमाला ने बताया कि टी स्टॉल पर पेटीएम से उन्हें फायदा हो रहा है। उन्हें खुले पैसे के लिए भटकना नहीं पड़ता और समय भी बचता है। अब मुझे कम से कम चाय के लिए खुले पैसे नहीं खोजना पड़ेंगे।
मोनू की दुकान पर चाय पीने आने वाले शशांक का कहना है कि पेटीएम से पेमेंट करके चाय पीना इस समय बहुत सहायक है जबकि हमारे पास खुले पैसे की कमी है। बता दें की 8 नवंबर की रात में अचानक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 और 1000 रुपये पर प्रतिबंध का ऐलान किया था।












Click it and Unblock the Notifications