'आप' में टूट के आसार, बागियों के साथ मिलकर दिल्ली में भाजपा की बनेगी सरकार

आम आदमी पार्टी के कुछ विधायक दिल्ली में सरकार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दे सकते हैं। आप से टूटने वाले इन विधायकों की दलील है कि स्थायी सरकार दिल्ली की जनता के हित में है और उनका मानना है कि बीजेपी यह मुहैया करा सकती है। भाजपा के ज्यादातर नेताओं का मानना है कि उनकी पार्टी दिल्ली में सरकार बनाए और इसके लिए विक्षुब्ध कांग्रेसियों और आम आदमी पार्टी के कुछ नाराज विधायकों की मदद ली जाए।
अंग्रेजी अखबार हिन्दुस्तान टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक भाजपा की ओर से इस दिशा में कोशिश की जा रही है। अखबार के मुताबिक आप और कांग्रेस के नाराज विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। ऐसे में अगर दिल्ली की भाजपा की सरकार बनाती है तो मुख्यमंत्री पद के लिए दो नाम सामने आ रहे हैं।
जनकपुरी के विधायक प्रोफेसर जगदीश मुखी और बदरपुर के विधायक रामबीर सिंह बिधूड़ी का नाम सीएम की रेस में है। वहीं इनके अलावा आरएसएस के कुछ नेता पूर्व मंत्री विजय गोयल के नाम सबसे आगे बढ़ा रहे हैं। इनके अलावा मीनाक्षी लेखी का भी नाम चर्चा में है। वहीं आप के नाराज विधायकों के भाजपा में जाने की बात से आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया इंकार कर रहे हैं। उन्होंने इसे बेबुनियाद बताते हुए कहा कि आप संगठित हैं। दिल्ली में दोबारा चुनाव से ही नई सरकार बननी तय हैं।












Click it and Unblock the Notifications