तिहाड़ से काम करने को तैयार हैं हमारे 67 विधायक: सीएम केजरीवाल
नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक विवादास्पद बयान दिया है। वो यह कि अगर जरूरत पड़ी तो उनके 67 विधायक तिहाड़ जेल से भी काम करने को तैयार हैं! अरे... लेकिन यहां प्रहार किस पर है? विधायकों पर या नरेंद्र मोदी पर? जी हां आप सही समझे यह प्रहार है प्रधानमंत्री पर।
अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री पर दिल्ली सरकार के विकास कार्यों को बाधित करने का आरोप लगाया है। अपने विधायकों की गिरफ्तारी को लेकर केजरीवाल ने कहा है कि आप के सभी 67 विधायक तिहाड़ जेल से ही काम करने को तैयार हैं। इसके पीछे केजरीवाल का मकसद क्या है, यह तो कहना मुश्किल होगा, लेकिन हम आपको बता दें कि पिछले छह महीनों में आप के तीन विधायक गिरफ्तार किये जा चुके हैं।
अपने विधायकों की गिरफ्तारी से बौखलाए केजरीवाल ने मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अभी भी हमारे पास 64 और विधायक हैं और इस गति से वह दस साल में भी हम सभी को गिरफ्तार नहीं कर पाएंगे।
केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो हमारे विधायकों के पीछे पड़ी है। उसके पास लोगों की सुरक्षा के लिए समय नहीं है। अगर ऐसा है तो हम आत्मसमर्पण कर देते हैं और तिहाड़ जेल से काम करते हैं। केजरीवाल ने दिल्ली भाजपा पर भी हमला बोला और कहा कि भाजपा जिसे आपने तीन सीटें दीं, बदला ले रही है। वह हर दिन 24 घंटे सोच रहे हैं कि हमारा काम कैसे रोका जाए।












Click it and Unblock the Notifications