मुजफ्फरपुर में शेख और अंसारी ने सार्वजनिक सड़क पर बनाई 'नफरत की दीवार'
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में कुछ लोगों के बीच नफरत की ऐसी खाई खिंची है कि सार्वजनिक सड़क को भी दो हिस्सों में बांट दिया गया। यहां एक सड़क पर दीवार खींचकर अब उसके एक हिस्से पर शेख समुदाय के लोग चलते हैं, तो दूसरे पर अंसारी। हालात ऐसे हैं कि अब इस सड़क पर कोई गाड़ी तक नहीं जा पा रही है।

जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड के पानापुर हवेली पंचायत के दामोदरीपुर टोला में रह रहे शेख और अंसारी समाज के लोगों के बीच नफरत की ऐसी आग लगी है कि इन दोनों समुदाय के लोगों ने गांव के सार्वजनिक सड़क के बीचों-बीच दीवार खींचकर सड़क को दो हिस्सों में बांट दिया। बता दें कि विगत 17 नवम्बर को गांव में बसीर मियां के बेटे की शादी के भोज में शेख और अंसारी समुदाय के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया था। दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई थी। 18 नवम्बर को मोहल्ले की सड़क पर 300 फीट लंबी दीवार खड़ी कर दी गयी। इसके बाद दोनों समुदाय के लोग एक ही गांव में रहते हुए दो हिस्से में बंट गए।

'दीवार के उस पार हमारा मतलब नहीं'
अंसारी गुट के लोगों के अनुसार, हम लोग पंद्रह साल से गांव में रहते हैं। शेख़ लोग हम लोगों की जाति को नीचा दिखाकर हमेशा मारपीट करते थे। सुरक्षा को देखते हुए दीवार खींची गयी है। दीवार के उस पार हमलोगों को कोई मतलब नहीं है।

वहीं, शेख बिरादरी के लोगों ने बताया कि दोनों बिरादरी के लोग एक साथ खाते थे लेकिन किसी ने जातीय रंग दे दिया, जिसके कारण रास्ता बंद हो गया। अब रास्ता बंद होने के कारण नमाज पढ़ने मस्जिद तक नहीं पहुच पाते हैं।
इस मामले में जब जिलाधिकारी मोहम्मद सोहेल से बात की गई, तो वह इस मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर गए। बहरहाल, देखा यह जाएगा कि कब तक लोगों में यह नफरत की दीवार खिंची रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications