बिहारः अचानक से पूरे बेडरूम में घूमने लगे सांप, घर में एक नहीं बल्कि नागिन का था पूरा परिवार
मुजफ्फरपुर। वैसे तो सांप का नाम सुनकर हर कोई सिहर जाता है तो सोचिए अगर किसी के घर में एक नहीं बल्कि दो दर्जन सांप मिल जाएं तो उस शख्स की हालत क्या होगी। दरअसल, ये हैरान कर देने वाला मामला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के धर्मशाला चौक महालय का है, जहां एक शख्स के घर में एक नागिन और उसका पूरा परिवार मिला है।

घर में मच गई चीख-पुकार
किशन कुमार मिश्रा के घर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब उनके घर में एक नागिन और उसके 24 बच्चे पाए गए। परिवार में मौजूद बच्चे और औरतें सांपों के इतने बड़े झुंड को देखकर डर गए। बच्चों के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में आसपास के लोग किशन मिश्रा के घर पहुंचे और वहां का मंजर देख हैरान रह गए। इसके बाद कुछ लोग घर में नाग-नागिन के आने की बात को देवी का संयोग बताने लगे तो कुछ लोग सावन माह में नाग के दर्शन प्रणाम भी करने लगे ।

वन विभाग को दी गई सूचना
हालांकि किशन मिश्रा ने इन सभी बातों से इनकार करते हुए सांप मिलने की सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग के आने तक सभी सांप और उनके बच्चों को जैसे तैसे घेर कर रखा गया। थोड़ी देर में वन विभाग के पूर्वी रेंज के पदाधिकारी उपेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए और सभी सांपों को पकड़ लिया। रेंज ऑफिसर उपेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश की वजह से इन सांपों के बिल में पानी प्रवेश कर गया हुआ है। इसीलिए ये सब बाहर निकल कर सुरक्षित स्थान खोज रहे हैं।

जलजमाव के चलते निकल रहे हैं सांप
उन्होंने बताया कि पकड़े गए सभी सांपों को सुरक्षित जंगलों में छोड़ दिया जाएगा क्योंकि पारिस्थितिक संतुलन के लिए इन सब को बचाना आवश्यक है। किशन मिश्रा के पड़ोसी और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता संतोष चौधरी ने बताया कि मोहल्ले के पीछे से रेलवे लाइन गुजरती है और लाइन के नीचे से शहर से पानी निकलने का नाला गुजरता है। इस साल नाला साफ नहीं होने की वजह से पटरी के आसपास जलजमाव हो गया है और वहां किनारे के झाड़ियों में रहने वाले सांप बाहर निकल आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications