बरसों से नदी पर नहीं बना पुल, ग्रामीणों ने लगाए चुनाव बहिष्कार के होर्डिंग्स
Muzaffarnagar news, मुजफ्फरनगर। यूपी में मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र का एक गांव योगेन्द्र नगर जो कि बिजनौर लोकसभा सीट का हिस्सा है। गांव योगेन्द्र नगर के ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर गांव के बाहर और गांव में अपने मकानों पर लोकसभा चुनाव का पूर्णतया बहिष्कार करते हुए होर्डिंग लगा दिए हैं जिसमें उन्होंने साफ तौर पर लिख दिया है कि हम सभी ग्रामवासी आगामी चुनाव का बहिष्कार करते हैं।

नदी पर पुल बनाने की मांग
गांव योगेन्द्र नगर के ग्रामीणों की मुख्य समस्या सोलानी नदी की खुदाई और नदी पर पुल बनाने की मांग है। सोलानी नदी पर एक छोटा सा लोहे का प्राइवेट पुल बना हुआ है जिससे गुजरने पर ग्रामीणों से प्रत्येक घर से एक साल का 20 किलो अनाज टोल टैक्स के रूप में वसूला जाता है। इस पुल से केवल ग्रामीण पैदल या फिर बाइक पर सवार होकर ही नदी को पार कर सकते है।

खेत तक जाने में लगता है काफी समय
गांव योगेन्द्र नगर के ग्रामीणों का कहना है कि हमारा गांव मोरना ब्लॉक में आता है और हमारी जमीन पुरकाजी ब्लॉक में आती है। हमें खेती करने के लिए पुल से नदी को पार करके जाना पड़ता है जिसका हमसे टोल (शुल्क) वसूला जाता है और पुल के बिना हमें लगभग पांच किलोमीटर का चक्कर काटकर खेती करने के लिये अपनी जमीन तक जाना पड़ता है जिसमे काफी समय लगता है। हमारे गांव में कोई विकास नहीं हुआ है बस चुनाव के समय की नेता वोट मांगने के लिए गांव में आते हैं।

'हमारा सरकारी काम नहीं होता'
ग्रामीणों ने कहा कि हमारा कोई भी सरकारी काम नहीं होता है जब हम किसी काम के लिए तहसील जाते है तो सदर तहसीलदार जानसठ तहसीलदार के पास भेज देता है और जानसठ तहसीलदार सदर तहसीलदार के पास भेज देता है। हम यहां पर 40 साल से रह रहे हैं, यहां हमारा कोई काम नहीं हो रहा है। बहुत नेताओं के सामने हमने अपनी समस्याओं को रखा मगर किसी ने कोई सुनवाई नहीं की, हमारे गांव में सोलानी नदी की खुदाई होनी चाहिये और पुल बनाना चाहिये। जब तक पुल नहीं बनेगा और गांव में विकास नहीं होगा तब तक हम किसी को भी वोट नहीं देंगे।












Click it and Unblock the Notifications