Muzaffarnagar: भट्टा व्यापारी मेहराजुद्दीन की घर में घुसकर हत्या, हमलावर ने सीने में उतारीं गोलियां
Muzaffarnagar Crime News: भट्टा व्यापारी और भारतीय किसान यूनियन तोमर के पूर्व जिला उपाध्यक्ष मेहराजुद्दीन (45) की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब वह अपने घर में सो रहे थे। इस हत्याकांड की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम मौका-ए-वारदात पर पहुंच गई।
फॉरेंसिक विभाग की टीम ने वारदात स्थल से साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने इस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इस वारदात के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। यह वारदात मीरपुर थाना क्षेत्र के मुझेड़ा गांव की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेहराजुद्दीन (45) मूल रूप से भगरा के रहने वाले है और पिछले करीब तीन साल से मीरापुर के गांव मुझेड़ा में रह रहे थे। मेहराजुद्दीन ने बलीपुरा में एक ईंट भट्टा ठेके पर लिया हुआ है, जिसे वह चलाते है। शुक्रवार की रात मेहराजुद्दीन अपनी पत्नी शबाना के साथ बरामदे में सोए हुए थे।
जबकि, उनके तीनों बच्चे जोया(15) व दरख्शा (5) और पुत्र लविश (10) कमरे में सो रहे थे। ऐसा बताया जा रहा है कि शनिवार तड़के लगभग 3 बजे कोई उनके घर में घुस आया और मेहराजुद्दीन को गोली मार दी। हमलावर ने मेहराजुद्दीन के सीने में तीन गोलियां मारीं और मौका-ए-वारदात से फरार हो गया।
वहीं, गोली चलने से पूरा परिवार सहित आसापास के लोग भी जाग गए। खबर के मुताबिक, मेहराजुद्दीन के पडोसियों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम घायल को जानसठ अस्पताल लेकर पहुंची। यहां से घायल मेहराजुद्दीन को मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, मीरापुर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मेहराजुद्दीन के घर के बाहर गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जल्द ही आऱोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications