छात्राओं से छेड़खानी पर गरमाया मुजफ्फरनगर, सांप्रदायिक तनाव के बाद फोर्स तैनात
Muzaffarnagar news, मुजफ्फरनगर। यूपी में मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव कसौली में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब कॉलेज से घर लौट रही कुछ छात्राओं को बाइक सवार चार शोहदों ने जबरदस्ती ईख के खेत में खींचने का प्रयास किया। शोरशराबा होने पर ग्रामीणों ने दूसरे समुदाय के चारों युवको को घेर लिया। इसमें से दो युवक भागने में कामयाब हो गए जबकि दो युवकों को पकड़कर ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की। इस घटना से इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया।

गांव में पुलिस फोर्स
घटना की सूचना पर आलाधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ गांव मे पहुंचे और घंटो की मशक्कत के बाद ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया ओर मामले को शांत कराया। दिनदहाड़े हुई इस छेड़छाड़ की घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष व्याप्त है जिसको देखते हुए गांव मे पुलिस बल तैनात किया गया है।

आरोपियों को पुलिस को सौंपा
इस मामले में एसपी सिटी ओमबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव की कुछ बच्चियां कुटेसरा पढ़ने जाती हैं जब वो वापस आ रही थी तो चार लड़कों ने उनसे छेड़छाड़ का प्रयास किया जिसकी सूचना बच्चियों ने अपने घर पहुंचाई। पुलिस मौके पर आ गई है और जिन अभियुक्तों को ग्रामीणों ने पकड़ा था उन अभियुक्तों को ले जाया जा रहा है। इसमें मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

एसपी सिटी ने बताया
एसपी सिटी ने बताया कि चार को तो इन्होने देखा है, हो सकता है आगे पीछे और भी हों। उनके खिलाफ भी कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। ये कोई सांप्रदायिक नहीं है, ये निश्चित रूप से छेड़खानी का मामला है। इस सरकार की ये प्राथमिकता भी है कि जिन लोगो ने इस तरह का प्रयास किया उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। युवकों को लोगो ने घेराबंदी करके पकड़ा है, उनका मेडिकल कराया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications