मुंबई एयरपोर्ट पर लगे अडानी ग्रुप के बोर्ड को शिवसेना कार्यकर्ताओं ने तोड़ा, कहा- ये बर्दाश्त नहीं होगा
मुंबई, अगस्त 02। मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का कंट्रोल अब अडानी ग्रुप के हाथों में है और शिवसेना शुरू से ही इसके विरोध में रही है। इस बीच सोमवार को शिवसेना कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट परिसर में तोड़फोड़ कर दी। दरअसल, एयरपोर्ट परिसर में लगे अडानी ग्रुप के बोर्ड को शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, दो दर्जन से अधिक शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट परिसर में घुसकर अडानी ग्रुप के इस बोर्ड को तोड़ डाला। शिवसेना ने इसे छत्रपति शिवाजी का अपमान बताया है और कहा है कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Recommended Video
एयरपोर्ट के गेट नंबर 8 पर की तोड़फोड़
हैरानी वाली बात ये है कि इस दौरान कोई सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकता हुआ भी नजर नहीं आया। हालांकि तोड़फोड़ हो जाने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक, शिवसेना कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट के गेट नंबर 8 पर लगे अडानी ग्रुप के बोर्ड को तोड़ा है। यहां पर छत्रपति शिवाजी महाराज की एक मूर्ती भी लगी हुई है।
एयरपोर्ट की ब्रांडिंग में नहीं किया जाएगा कोई बदलाव- एयरपोर्ट प्रवक्ता
इस घटना को लेकर अडानी एयरपोर्ट के प्रवक्ता की भी प्रतिक्रिया आई है। एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने कहा है कि मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अडानी एयरपोर्ट्स की ब्रांडिंग के अलावा हम यह बताना चाहते हैं कि छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ब्रांडिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है और ना ही किया जाएगा। प्रवक्ता ने कहा कि CSMIA में ब्रांडिंग एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के मानदंडों और दिशानिर्देशों के अनुरूप ही है। AAHL बड़े पैमाने पर विमानन समुदाय के हित में सरकार द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना जारी रखेगा।
पिछले महीने मुंबई एयरपोर्ट हो गया था अडानी ग्रुप के कंट्रोल में
आपको बता दें कि मुंबई एयरपोर्ट का नाम अडानी किए जाने पर शिवसेना तभी से नाराज है, जब ये फैसला लिया गया था। जुलाई महीने में अडानी ग्रुप ने GVK ग्रुप से एयरपोर्ट का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया था। इसकी जानकारी गौतम अडानी ने ट्वीट कर दी थी। इसका कंट्रोल लेने से पहले ही अडानी ग्रुप का एयरपोर्ट में करीब 74 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।












Click it and Unblock the Notifications