मुंबई से थोड़ी राहत की खबर, 10 फीसदी से कम हुआ पॉजिटिविटी रेट
मुंबई, 30 अप्रैल: काफी दिनों में बाद मुंबई से कोविड को लेकर बड़ी राहत भरी खबर आई है। मायानगरी में कोरोना की पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी से भी कम हो गई है। शुक्रवार को यह जानकारी म्यूनिसिपल कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने दी है। उनके मुताबिक गुरुवार यानी 29 अप्रैल को मुंबई में कोविड पॉजिटिविटी रेट 9.94 फीसदी दर्ज की गई। मतलब, जिन 43,525 सैंपलों की जांच की गई, उनमें से सिर्फ 4,328 लोग ही कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए। मुंबई में यह सिलसिला 19 अप्रैल से शुरू हुआ था, लेकिन अब यह घटकर सिंगल डिजिट में पहुंच गया है।

मुंबई में 10 फीसदी से कम हुआ पॉजिटिविटी रेट
टेस्ट पॉजिटिविटी रेट (टीपीआर) का निर्धारण कुल सैंपल में से पॉजिटिव पाए गए सैंपल के आधार पर होता है। म्यूनिसिपल कमिश्नर इकबाल सिंह चहल का दावा है कि 'हमारा पॉजिटिविटी रेट अब सिंगल डिजिट में है, जो कि करीब 44,000 टेस्ट में से है। ज्यादा जांच के साथ शायद मुंबई देश का एकमात्र ऐसा शहर है, जहां पॉजिटिविटी रेट सिंगल डिजिट में है।' उन्होंने यह भी दावा किया है कि वहां 85 फीसदी संक्रमण के नए मामले एसिम्पटोमेटिक हैं। उनका दावा है कि शुक्रवार को दोपहर में शहर के अस्पतालों में खाली बेड की संख्या 5,725 तक पहुंच गई, जिससे कि नई भर्तियों में कमी के संकेत मिल रहे हैं। चहल ने पिछले साल महामारी के दौरान ही बीएमसी का चार्ज लिया था और उनके मुताबिक अप्रैल की शुरुआत में मुंबई का टीपीआर 20.85 फीसदी था।
कारगर साबित हो रही है 'एटीएम रणनीति'
इस पूरे महीने में मुंबई में सबसे ज्यादा टीपीआर 27.94 फीसदी 4 अप्रैल को दर्ज किया गया था, जब कुल 51,313 सैंपलों की जांच की गई, जिनमें से 11,573 लोग संक्रमित पाए गए। आंकड़ों से पता चलता है कि मायानगरी में 19 अप्रैल के बाद से पॉजिटिविटी रेट 20 फीसदी से नीचे की ओर खिसकना शुरू हो गया। इस हफ्ते की शुरुआत में महाराष्ट्र सरकार के कोविड-19 टास्क फोर्स के सदस्य डॉक्टर शशांक जोशी ने कहा था कि महामारी के खिलाफ लड़ाई में मुंबई ने हालात को पलटना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा था कि दूसरी लहर के दौरान शहर में कोविड को कंट्रोल करने में 'एटीएम रणनीति' कारगर साबित हो रही है, जिसका मतलब है 'असेस,ट्राइएज एंड ट्रांसफर, मैनेजमेंट'।












Click it and Unblock the Notifications