बॉम्बे हाईकोर्ट ने उद्धव के पक्ष में सुनाया फैसला, कहा- BMC तुरंत ऋतुजा का इस्तीफा मंजूर करे
बॉम्बे हाईकोर्ट ने गुरुवार को एक बड़ा फैसला सुनाते हुए मुंबई नगर निकाय को ऋतुजा लटके के इस्तीफे को एक्सेप्ट कर स्वीकृति पत्र जारी करने का निर्देश दिया है। बता दें कि ऋतुजा लटके अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट से शिवसेना उद्धव बालासहेब ठाकरे पार्टी की उम्मीदवार हैं। मुंबई नगर निकाय के क्लर्क पद से उन्होंने 3 अक्टूबर को इस्तीफा दे दिया था, लेकिन निकाय की तरफ से उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जा रहा था। इस्तीफा नहीं स्वीकार किए जाने की वजह से वह अंधेरी ईस्ट विधानसभा चुनाव से नॉमिनेशन नहीं भर पा रही थीं। इसको लेकर शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पार्टी की तरफ से हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी।

बॉम्बे हाईकोर्ट की तरफ से मुंबई नगर निकाय को लटके का इस्तीफा मंजूर करने के साथ-साथ स्वीकृति पत्र हर हाल में शुक्रवार सुबह 11 बजे तक जारी करने का आदेश दिया गया है। वहीं, इससे पहले न्यायमूर्ति नितिन जामदार और न्यायमूर्ति शर्मिला देशमुख की खंडपीठ ने मुंबई नगर निकाय की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अनिल सखारे से पूछा था कि लटके द्वारा सौंपे गए इस्तीफे पर निर्णय लेने में क्या कठिनाई है?
शिवसेना उद्धव बालासहेब ठाकरे पार्टी ने लगाया था दबाव का आरोप
ऋतुजा लटके का इस्तीफा नहीं मंजूर किए जाने को लेकर शिवसेना उद्धव बालासहेब ठाकरे पार्टी ने मुंबई नगर निकाय पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया था। पार्टी की तरफ से कहा गया था कि ऐसा इसलिए किया जा रहा ताकि ऋतुजा नामांकन न कर सकें। आपको बता दें कि अंधेरी ईस्ट सीट पर शिवसेना ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। यह सीट मौजूदा विधायक और ऋतुजा लटके के पति रमेश लटके की मृत्यु के कारण खाली हुई है। ऐसे में जून में सरकार गिरने के बाद इस सीट को जीतना शिवसेना के लिए साख की लड़ाई का सवाल बन गया है।
अंधेरी ईस्ट से एक साथ चुनाव लड़ेगी भाजपा और शिंदे की पार्टी
अंधेरी ईस्ट विधानसभा उपचुनाव भाजपा और मुख्यमंत्री शिंदे की पार्टी एक साथ लड़ेंगी। इस संबंध में बुधवार को उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था भाजपा और शिंदे की पार्टी एक साथ अंधेरी विधानसभा उपचुनाव लड़ेंगी। उम्मीदवार का फैसला दोनों पार्टियों की तरफ से जल्द किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- मौसम अपडेट: मुंबई में भारी बारिश की वजह से येलो अलर्ट जारी, दिल्ली NCR में भी लगातार हो रही वर्षा












Click it and Unblock the Notifications