मौसम अपडेट: मुंबई में भारी बारिश की वजह से येलो अलर्ट जारी, दिल्ली NCR में भी लगातार हो रही वर्षा
मौसम अपडेट: मुंबई में भारी बारिश की वजह से येलो अलर्ट जारी, दिल्ली NCR में भी लगातार हो रही वर्षा
मौसम बारिश अपडेट: भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक मानसून को लौटने में थोड़ा और वक्त लगेगा, जिसकी वजह से देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। दिल्ली और एनसीआर के कुछ हिस्सों में रात भर बारिश हुई और शनिवार की सुबह दिल्ली के लगभग हर इलाके में लगातार बारिश हो रही है। आईएमडी ने कहा कि दिल्ली एनसीआर में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। वहीं मुंबई में भी लगातार बारिश हो रही रही है। आईएमडी ने इसके साथ ही देश के कई राज्यों में बारिश की भविष्यवाणी की है।
Recommended Video

मुंबई में येलो अलर्ट जारी, आज पूरे दिन होगी बारिश
आईएमडी ने भारी बारिश को देखते हुए शनिवार के लिए मुंबई में येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने कहा है कि मुंबई में गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की पूरे दिन संभावना है। रिपोर्ट के मुताबिक लगातार भारी बारिश के कारण मुंबई के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। मुंबई में शुक्रवार से बारिश हो रही है। आईएमडी ने कहा कि मुंबई में पिछले दो हफ्तों से छिटपुट बारिश हो रही है।
कोलाबा वेदर ऑब्जरवेटरी ने शुक्रवार को शाम 5:30 बजे तक 22.4 मिलीमीटर (मिमी) और सांताक्रूज ऑब्जरवेटरी में 32.6 मिमी बारिश दर्ज की। इस बीच, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने नरीमन पॉइंट, विक्रोली और वर्सोवा में अपनी ऑब्जरवेटरी में कुल मिलाकर 60 मिमी बारिश दर्ज की।

दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव, 2-3 दिन बारिश की संभावना
दिल्ली-नोएडा में लगातार हो रही बारिश की वजह से कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया है। कई इलाकों में बिजली भी काटी गई है। हालांकि दिल्ली में बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई और हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ। दिल्ली में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।

देश के इन राज्यों में भी अगले 4-5 दिनों तक होगी बारिश
भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। आईएमडी ने अगले तीन से चार दिनों के दौरान तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भारी बारिश की भी भविष्यवाणी की है।












Click it and Unblock the Notifications