'अमिताभ बच्चन के घर समेत मुंबई में 4 जगहों पर रखे हैं बम', पुलिस कंट्रोल रूम में आया फोन, और फिर...
मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में चार अलग-अलग स्थानों पर बम रखे जाने की सूचना ने पुलिस व खूफिया तंत्र की नींद उड़ा दी। बीती रात अज्ञात नंबरों से मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में फोन आया था, जिसमें बम ब्लास्ट की बातें कहीं गईं। फोन करने वालों ने कहा कि, सीएसएमटी, भायखला स्टेशन, दादर स्टेशन और अभिनेता अमिताभ बच्चन के आवास पर बम रखे गए हैं। धमकी भरा यह फोन आने के बाद पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों की टीमें रात में ही जांच-पड़ताल में जुट गईं। हालांकि, पड़ताल में धमकी भरा कॉल फर्जी निकला।
Recommended Video

मुंबई क्राइम ब्रांच की सीआईयू (क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट) ने बताया कि, इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस को फर्जी कॉल किए जाने के संबंध में उनसे पूछताछ की जा रही है, जिसमें मुंबई में चार अलग-अलग स्थानों पर बम रखे जाने की बात कही गई थी। मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, जिन चार स्थानों पर बम होने की बात कही गई थी, उन सभी स्थानों पर जाकर चेकिंग की गई...लेकिन बम निरोधक दस्ते और जीआरपी की टीम को कहीं भी बम नहीं मिला। इस तरह जांच में यह फर्जी कॉल निकला।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, अज्ञात व्यक्तियों का कॉल आने के बाद मुंबई के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों और बॉलीवुड मेगास्टार अमिताभ बच्चन के बंगले की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। हालांकि, तलाशी के दौरान अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि, कॉल मुंबई पुलिस के मुख्य कंट्रोल पर आया था। जिसमें फोन करने वाले ने कहा कि, बम छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), भायखला, दादर रेलवे स्टेशनों और अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले पर रखे गए हैं। जिसके फौरन बाद हम रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिसकर्मियों के साथ उक्त स्थानों पर पहुंचे और तलाशी अभियान चलाया।"
अधिकारी ने बताया, "हालांकि, काफी तलाशी के बाद भी इन जगहों पर अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। हां, वहां पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और आगे की जांच जारी है।"
कॉल करने वाले और उसकी लोकेशन का पता लगाकर मुंबई पुलिस ने उन लोगों को पकड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications