Morena news: ग्वालियर-चंबल की पुलिस ने मिलकर जंगल में शुरू की डकैत गिरोह की सर्चिंग
मुरैना के साथ अब ग्वालियर पुलिस ने भी शुरु की डकैत गुड्डा गुर्जर की तलाश, श्योपुर और शिवपुरी पुलिस का भी लिया जा रहा है सहयोग
Morena पुलिस के साथ अब डकैत गुड्डा गुर्जर को तलाश करने के लिए ग्वालियर अंचल के जिलो की पुलिस भी जंगलों में उतर गई है और डकैत गुड्डा गुर्जर की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है। मुरैना के पहाड़गढ़ समेत ग्वालियर के सीमावर्ती क्षेत्र में डकैत गुड्डा गुर्जर को तलाशा जा रहा है। इसके अलावा शिवपुरी और श्योपुर पुलिस ने भी मुरैना जिले के सीमावर्ती इलाके के गुड्डा गुर्जर के लिए ही सर्चिंग शुरू कर दी है।

सीएम की नाराजगी के बाद बढ़ गई सर्चिंग
कुछ रोज पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बात की नाराजगी जाहिर की थी कि चंबल के बीहड़ों में अभी भी डकैत सिर उठा रहे हैं। सीएम की नाराजगी सामने आने के बाद ग्वालियर और चंबल की पुलिस अब डकैतों का सफाया करने के लिए जंगलों में उतर चुकी है। चंबल के मुरैना और श्योपुर जिलों की पुलिस के साथ ही ग्वालियर रेंज की ग्वालियर और शिवपुरी जिले की पुलिस डकैत गुड्डा गुर्जर की तलाश में जुट गई है।

मुरैना के पहाड़गढ़ क्षेत्र में की जा रही है सर्चिंग
मुरैना एसपी आशुतोष बागरी में जानकारी देते हुए बताया कि डकैत गुड्डा गुर्जर की पुलिस के साथ कई बार मुठभेड़ हो चुकी है लेकिन किस्मत से वह बच निकला, मुरैना पुलिस अभी भी डकैत गुड्डा गुर्जर की तलाश कर रही है, मुरैना के पहाड़गढ़ इलाके में मुरैना पुलिस लगातार डकैत गुड्डा गुर्जर को ढूंढने में लगी हुई है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही डकैत गुड्डा गुर्जर उसके हत्थे चढ़ जाएगा।

ग्वालियर के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी की जा रही है सर्चिंग
ग्वालियर के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी डकैत गुड्डा गुर्जर की तलाश की जा रही है। ग्वालियर के मोहना, तिघरा और भंवरपुरा इलाके के आसपास के जंगलों में ग्वालियर पुलिस डकैत गुड्डा गुर्जर की तलाश कर रही है। मुरैना पुलिस से सामंजस्य स्थापित कर के ग्वालियर पुलिस द्वारा यह सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।

शिवपुरी और श्योपुर पुलिस भी कर रही है तलाश
डकैत गुड्डा गुर्जर को पकड़ने के लिए शिवपुरी और श्योपुर पुलिस भी सक्रिय हो गई है। मुरैना जिले की सीमा से लगने वाले श्योपुर जिले की पुलिस भी डकैत गुड्डा गुर्जर को घेरने में लगी हुई है। श्योपुर के साथ-साथ शिवपुरी पुलिस भी डकैत गुड्डा गुर्जर की घेराबंदी कर रही है। कुल मिलाकर ग्वालियर-चंबल अंचल के 4 जिले की पुलिस डकैत गुड्डा गुर्जर की तलाश में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications