मुरैना में गोवंश की हत्या के विरोध में बड़ी कार्रवाई, आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर, छह लोग गिरफ्तार
मुरैना में गोवंश की हत्या के आरोप में दो लोगों के घर बुधवार को पुलिस ने बुलडोजर से ढहा दिया। पुलिस-प्रशासन बुधवार की सुबह नूराबाद की बंगाली कॉलोनी में पहुंचा। तीन घंटे में आरोपी जफ्फार खान और असगर खान के घर के अवैध निर्माण को तोड़ दिया गया। पुलिस ने मामले में 9 लोगों को आरोपी घोषित किया है, जिनमें से 6 को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन आरोपी अभी भी फरार हैं।
नूराबाद थाना प्रभारी ओपी रावत ने बताया कि बंगाली कॉलोनी में 21 जून को बजरंग दल ने एक घर में गोमांस रखने की शिकायत की थी। लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर नेशनल हाईवे पर जाम कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की थी। 3 दिन पहले ही मुख्य आरोपी असगर और उसके ससुर रेतुआ पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) भी लगाया गया था।

21 जून को बंगाली कॉलोनी में रहने वाले दिलीप सिंह गुर्जर ने थाने को सूचित किया। उन्होंने बताया कि कॉलोनी के एक घर में कुछ लोगों ने गोकशी की है। जब उन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उस पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घर से एक बोरी में गोमांस बरामद किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गोसेवक भी थाने पहुंचे और यहां हंगामा मचा दिया।












Click it and Unblock the Notifications