एमपी: चंबल में बंदूकों के साए में बन रही है सड़क, डकैत गैंग का है खौफ
मुरैना में डकैत गुड्डा गुर्जर गैंग का फिर दिखा आतंक, सड़क बना रही कंपनी से मांगा टेरर टैक्स, पहाड़गढ़ इलाके में किया जा रहा है सड़क निर्माण का कार्य, कंपनी ने निजी सुरक्षाकर्मी किए तैनात
मुरैना, 12 अक्टूबर। चंबल के मुरैना जिले में डकैतों के आतंकी वजह से सड़क निर्माण का कार्य बाधित हो रहा है। डकैतों ने सड़क निर्माण कर रही कंपनी से टेरर टैक्स मांग लिया है। ₹60000 के इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर के नाम पर यह टेरर टैक्स सड़क निर्माण कर रही कंपनी से मांगा गया है। डकैतों से परेशाम कंपनी ने अपनी सुरक्षा के लिए अपने स्तर पर ही बंदूकधारी सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए हैं।

पहाड़गढ में हो रहा है सड़क निर्माण का कार्य
इन दिनों मुरैना जिले के पहाड़गढ़ इलाके में सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है। राज कंस्ट्रक्शन नाम की कंपनी पर सड़क निर्माण के कार्य का ठेका है। कंपनी द्वारा लगातार सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है लेकिन डकैतों ने अब इस सड़क निर्माण के कार्य पर नजर गड़ा दी है और डकैतों ने कंस्ट्रक्शन कर रही कंपनी से टेरर टैक्स की मांग की है।

डकैत गुड्डा गुर्जर गिरोह के सदस्यों ने आकर मांगा टेरर टैक्स
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य कर रहे कर्मचारियों के पास डकैत गुड्डा गुर्जर गिरोह का नाम लेकर कुछ बदमाश पहुंचे थे। इन बदमाशों ने कंपनी के कर्मचारियों को धमकी देते हुए कहा कि उन्हें पैसे चाहिए अगर पैसे नहीं दिए तो सड़क निर्माण कार्य नहीं होने देंगे। इसके साथ ही कर्मचारियों के साथ बदमाशों द्वारा मारपीट भी की गई।
कंपनी ने अपने स्तर पर तैनात किए सुरक्षाकर्मी
सड़क निर्माण कर रही राज कंस्ट्रक्शन कंपनी ने इस बात की सूचना थाने में भी दी लेकिन जब पुलिस की तरफ से कोई सहयोग नहीं मिला तो कंपनी ने अपने निजी खर्चे पर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए हैं। कंधे पर बंदूक टांगे यह सुरक्षाकर्मी अब सड़क निर्माण कार्य कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा करते हुए दिन रात पहरा दे रहे हैं।
चिन्नौनी इलाके में भी डकैतों ने रोक दिया था सड़क निर्माण का कार्य
कुछ समय पहले चुन्नौनी इलाके में भी सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा था। उस वक्त एक डकैत गिरोह ने सड़क निर्माण कर रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट की थी और उनसे टेरर टैक्स मांगा था। उस समय भी सड़क निर्माण का कार्य बाधित हो गया था। एक बार फिर से अब डकैतों ने पहाड़गढ़ इलाके में सड़क निर्माण के कार्य पर नजर जमा दी हैं।












Click it and Unblock the Notifications