चंबल के चुनाव में बुलडोजर का खौफ, उपद्रवियों ने कर ली हिंसा से तौबा
चंबल में हो रहे पंचायत चुनावों में बुलडोजर का खौफ देखने को मिल रहा है, उपद्रवी अब उपद्रव करने से तौबा करने लगे है
मुरैना, 4 जुलाई। इस बार चंबल अंचल में हुए पंचायत चुनाव में बुलडोजर की दहशत देखने को मिली है। बुलडोजर का खौफ चंबल वासियों के दिलों में इस कदर बैठ गया है कि बुलडोजर के डर से उपद्रवियों ने हिंसा करने से भी तौबा कर ली है। जिन उपद्रवियों ने पंचायत चुनाव में हिंसा करने की हिम्मत दिखाई थी उनके घरों पर बुलडोजर चल चुका है।

इन दिनों चंबल संभाग में पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव चल रहे हैं। अब तक पंचायत चुनाव के दो चरण भी संपन्न हो चुके हैं लेकिन खास बात यह है कि इस बार के पंचायत चुनावों में हिंसा काफी कम देखने को मिली है। इसके पीछे की मुख्य वजह बुलडोजर की दहशत बताई जा रही है। बुलडोजर के डर की वजह से उपद्रवी अब हिंसा करने से कतरा रहे हैं। उपद्रवियों को बुलडोजर का इतना डर सता रहा है कि वे हिंसा से पूरी तरह तौबा कर चुके हैं।
गूंज बंधा गांव में उपद्रवियों के घरों पर चल चुका है बुलडोजर
पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में कुछ उपद्रवियों ने गूंज बंधा गांव में तहसीलदार पर हमला कर दिया था। इस हमले में तहसीलदार राजकुमार नागोरिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उपद्रवियों को सबक सिखाने के लिए जिला प्रशासन में उपद्रवियों क घरों पर बुलडोजर चलवा दिया। सीना चौड़ा करके हिंसा करने वाले उपद्रवी पलभर में ही बेघर हो गए और उनका घर पत्थरों के ढेर में तब्दील हो गया।
बुलडोजर की कार्रवाई से लोगों के दिलों में बैठ गई दहशत
बुलडोजर की कार्रवाई से चंबल में उपद्रव करने वाले लोगों के दिलों में बुलडोजर की दहशत बैठ गई है। दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में भी इसका असर देखने को मिला। दूसरे चरण का पंचायत चुनाव चंबल अंचल में काफी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया और कहीं से कोई अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली।
लोगों ने खुद बताया बुलडोजर का डर
द्वितीय चरण के दौरान वन इंडिया हिंदी की टीम मुरैना के बसई गांव में पहुंची थी। यहां ग्रामीणों से वनइंडिया हिंदी की टीम ने बातचीत के दौरान ग्रामीणों से पूछा कि क्या आपके यहां के मतदान केंद्र पर कोई उपद्रव तो नहीं होगा। इस पर ग्रामीणों ने बताया कि अब मतदान केंद्रों पर चुनाव के दौरान हिंसा करने की कोई हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है क्योंकि हर कोई अब बुलडोजर के डर से दहशत में है, सभी को यह डर सता रहा है कि कहीं चुनाव प्रभावित करने के चक्कर में अपने घर से ही हाथ ना धो बैठे।
अधिकारी भी दिखा रहे हैं अब प्रत्याशियों को बुलडोजर का डर
चंबल के जिलों में अब तीसरे चरण का पंचायत चुनाव का मतदान होने वाला है। 8 जुलाई को होने वाले तीसरे चरण के मतदान के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। खास बात यह है कि मतदान से पहले ही अधिकारियों द्वारा प्रत्याशियों को बुलाकर यह चेतावनी दी जा रही है कि अगर प्रत्याशियों ने पोलिंग बूथ पर हिंसा करने की कोशिश की तो उनके घर पर बुलडोजर चलाने में प्रशासन को बिल्कुल भी देर नहीं लगेगी।












Click it and Unblock the Notifications