अब चंबल में गोबर से ऑस्ट्रेलिया की कंपनी कमाएगी हर साल करोड़ों रुपए, जानिए कैसे
अब मुरैना की गौशाला में बायोगैस प्लांट लगाकर बनाई जाएगी बायो सीएनजी, हस साल कपंनी समेत नगर निगम मुरैना की होगी करोड़ो की कमाई
मुरैना, 1 अगस्त। बहुत जल्द ही ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी मुरैना जिले में गाय के गोबर से करोड़ों रुपए की कमाई शुरू करने जा रही है। गाय के गोबर से ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी हर साल करोड़ों रुपए कमाएगी और कमाई का एक हिस्सा मुरैना नगर निगम को भी कंपनी द्वारा दिया जाएगा। कंपनी की इस पहल से ना केवल मुरैना नगर निगम की आय में वृद्धि होगी बल्कि सड़कों पर घूम रहे गोवंश और गायों की सुरक्षा के साथ-साथ किसानों की फसल भी नष्ट होने से बचेगी। आइए आपको इस पूरे प्रोजेक्ट के बारे में देते हैं जानकारी।

मुरैना की देवरी गौशाला में स्थापित होगा बायोगैस प्लांट
मुरैना की देवरी गौशाला में बायोगैस प्लांट स्थापित होने जा रहा है। इस गैस प्लांट को स्थापित करने के लिए देवरी गौशाला की 3 एकड़ भूमि भी चिन्हित कर ली गई है। इसी 3 एकड़ भूमि में बायोगैस प्लांट स्थापित किया जाएगा। इस बायोगैस प्लांट को स्थापित करने का काम ऑस्ट्रेलिया की कंपनी एडीएल इंजीनियरिंग बायो एनर्जी करने जा रही है।

गाय के गोबर से तैयार की जाएगी बायो सीएनजी
गौशाला में बायोगैस प्लांट लगाकर यहां पर गाय के गोबर से बायो सीएनजी तैयार करने का काम किया जाएगा। गौशाला में स्थापित किए जाने वाले इस प्लांट से प्रतिदिन 624 किलोग्राम बायो सीएनजी गैस का उत्पादन करने का खाका तैयार किया जा रहा है और जल्द ही इसे मूर्त रूप भी दिया जाएगा।

हर साल तकरीबन छह करोड़ की होगी कंपनी की कमाई
बायोगैस प्लांट स्थापित करने जा रही ऑस्ट्रेलिया की कंपनी ने इस पूरे प्रोजेक्ट में हर साल तकरीबन ₹6 करोड़ की आमदनी की उम्मीद की है। कंपनी के आंकड़ों की माने तो हर साल कंपनी को यहां से 6 करोड़ बायो सीएनजी के उत्पादन पर मुनाफा होगा। इस कंपनी के मुनाफे में से एक करोड़ दो लाख रुपए कंपनी द्वारा नगर निगम मुरैना को भी दिया जाएगा। इस तरह नगर निगम मुरैना की आमदनी में भी इजाफा होगा।

स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार
ऑस्ट्रेलिया की ईडीएल इंजीनियरिंग बायो एनर्जी कंपनी द्वारा जल्द ही मुरैना में बायोगैस प्लांट शुरू किया जा रहा है। इस बायोगैस प्लांट के शुरू हो जाने से स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे स्थानीय लोगों की बेरोजगारी भी दूर होगी। ऑस्ट्रेलिया की इस कंपनी ने नगर निगम मुरैना से संपर्क किया है। नगर निगम मुरैना की कंपनी के साथ बीच बातचीत जारी है। जल्द ही इसके सार्थक परिणाम भी निकल कर सामने आएंगे।

सड़कों पर घूम रहे आवारा गायों की बचेगी जान
अब तक आवारा गाय और आवारा गोवंश शहर की सड़कों पर घूमते देखे जा सकते हैं। हाईवे पर इन मवेशियों की वजह से कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं, इसके साथ ही यह मवेशी भी वाहनों की टकरा कर या तो गंभीर घायल हो जाते हैं या इनकी जान चली जाती है। देवरी गोशाला में जब बायोगैस प्लांट स्थापित कर दिया जाएगा तो गोशाला में गाय और गोवंश की संख्या में भी वृद्धि की जाएगी। जिसके तहत सड़कों पर आवारा घूमने वाले गाय और गोवंश को पकड़कर गोशाला में रखा जाएगा। ऐसा करने से इनकी जान भी सुरक्षित रहेगी।

किसानों की फसलों को भी नहीं होगा नुकसान
अब तक सड़कों पर आवारा घूमने वाली गाय और गोवंश किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं। जब भी इन आवारा मवेशियों को मौका मिलता है तो किसानों के खेतों में घुस जाते हैं और किसानों की फसल को खाकर उसे चौपट कर देते हैं, लेकिन एक बार बायोगैस प्लांट स्थापित हो गया तो इन सभी आवारा गाय और गोवंश को गोशाला में रख दिया जाएगा, जिससे किसानों की फसल का नुकसान होने से बचेगा। इसके साथ ही गोबर की खाद तैयार की जाएगी। इस खाद का उपयोग भी किसानों की फसल में उर्वरक के रूप में हो सकेगा जिससे किसानों की फसल भी अच्छी होगी।












Click it and Unblock the Notifications