UP News: महिला ने पकड़ा पुलिस का कॉलर, पुलिस ने जांच के लिए रोकी पति की बाइक, गुस्से में पत्नी हुई बेकाबू
UP News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में एक महिला द्वारा पुलिस कर्मियों से कहासुनी और हाथापाई करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मामले में महिला के पति को गिरफ्तार कर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल, यह पूरी घटना मिर्जापुर जनपद के हरगढ़ कस्बा बाजार की है। बताया जा रहा है कि त्योहार के मद्देनजर पुलिस गुरुवार की रात्रि में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक व्यक्ति वहां पहुंचा जिसे रोक कर पुलिस उससे पूछताछ करने लगी।

इसी दौरान उसकी पत्नी और उसका बेटा भी वहां पहुंच गया। वहां पहुंचने के बाद उसकी पत्नी पुलिस से उलझ गई। पुलिस कर्मियों द्वारा उसे समझाने का प्रयास किया गया तो महिला ने पुलिसकर्मियों का कॉलर पकड़ लिया।
घटना के समय आसपास मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिला एक पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़कर झड़प कर रही है। उसके बाद दूसरा पुलिसकर्मी पहुंचा तो महिला ने दूसरे हाथ से उसका भी कॉलर पकड़ लिया।
फिलहाल सूचना मिलने के बाद जिगना थाने से काफी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची तबतक महिला वहां से फरार हो गई। वहीं पुलिस ने उसके पति संजय चौबे को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस द्वारा उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि पति-पत्नी क्षेत्र में काफी दबंगई करते हैं। पति-पत्नी द्वारा दुकानदारों से आए दिन मारपीट की जाती है। ऐसे में लोगों के सामने पुलिस द्वारा फटकार लगाए जाने के चलते अपनी साख बनाने के लिए पति-पत्नी पुलिसकर्मियों से उलझ गए।
इस बारे में पुलिस अधीक्षक नक्सल ओपी सिंह द्वारा मीडिया को बताया गया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पत्नी सहित अन्य की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार करने के बाद सभी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications