UP: सोनभद्र के बाद अब मिर्जापुर का वीडियो वायरल, बिजली बिल जमा करवाने वाले को थूक चटवाया, जानिए पूरी हकीकत
UP Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में संविदा लाइनमैन द्वारा दलित युवक को थूककर चप्पल चटवाने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि मिर्जापुर का भी ऐसा ही एक 3 माह पुराना वीडियो वायरल हो गया।
UP Mirzapur News: यूपी के सोनभद्र जनपद में संविदा लाइनमैन द्वारा एक दलित युवक को चप्पल पर थूक कर चटवाने का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ था, इसी बीच मिर्जापुर जिले से भी एक ऐसा ही शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवक चप्पल पर थूक कर दूसरे युवक से जबरन उसे चटवा रहा है। ऐसा ही मामला सोनभद्र से भी वायरल हुआ था और पूरा महकमा हिल गया था, ऐसे में मिर्जापुर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मिर्जापुर पुलिस भी तुरंत हरकत में आई।

पुलिस द्वारा जब इसकी जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि यह वीडियो तीन महीने पुराना है। हालांकि मिर्जापुर में भी इसी तरीके का प्रकरण हुआ था, लेकिन यहां एक दबंग युवक द्वारा बिजली बिल जमा करवाने वाले शख्स को ही चप्पल पर थूक कर चटवाया गया था।
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मिर्जापुर पुलिस द्वारा इस मामले में वीडियो जारी कर पूरे प्रकरण को बताया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में 3 माह पहले ही कार्रवाई की गई थी और आरोपी को जेल भेज दिया गया था।
पुलिस और मीडिया रिपोर्ट के अनुसार: मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र के इमिलिया चट्टी निवासी सनोज कुमार कनौजिया नामक युवक द्वारा श्रीपुर गांव निवासी दिलीप मिश्रा को बिजली बिल जमा करने के लिए 8 हजार रुपए दिए गए थे। बताया गया कि दिलीप मिश्रा बिजली बिल जमा और उसे कम करवाने का काम करता है।
सनोज कुमार कनौजिया द्वारा दिलीप मिश्रा को 8 हजार रुपए दिए गए थे लेकिन पैसे लेने के बाद भी दिलीप मिश्रा द्वारा सनोज कुमार कनौजिया के बिजली बिल को कम नहीं कराया गया। इस बारे में सनोज कनौजिया द्वारा दिलीप मिश्रा को बार-बार फोन करके रुपए की मांग की गई।
फोन पर कई बार बात हुई बावजूद इसके मामले का निस्तारण नहीं हो सका। पुलिस द्वारा यह भी बताया गया कि सनोज एक साल तक पैसा मांगता रहा लेकिन पैसा वापस नहीं मिला। 9 अप्रैल 2023 को इमिलिया चट्टी के पास सनोज कुमार कनौजिया और दिलीप मिश्रा की मुलाकात हो गई।
बताया जा रहा है कि चट्टी के समीप पुलिया के पास सनोज कुमार कनौजिया द्वारा दिलीप मिश्रा से बकाया पैसा मांगा गया। वहीं पर चप्पल पर थूक कर चटवाने का अमानवीय कृत्य भी किया गया था। इस मामले की जानकारी जब पुलिस को हुई तो दिलीप मिश्रा को बुलाकर उससे तहरीर मांगी गई, लेकिन उसने बताया कि वह सुलह कर लेगा।
उसके बाद दिलीप की तहरीर पुलिस द्वारा इस मामले में सनोज कनौजिया पर अपमानित करने और धक्का-मुक्की करने से संबंधित मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया था। इसी मामले का वीडियो अब सोनभद्र प्रकरण के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस मामले में सोमवार को मिर्जापुर के एएसपी नक्सल ओपी सिंह द्वारा वीडियो जारी करते हुए बताया गया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो 3 महीने पुराना है और अदलहाट क्षेत्र का है जिसमें दिलीप कुमार मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications