झांसी, बलिया के बाद मिर्जापुर के जेल में फैला कोरोना, रोकने के लिए योगी सरकार ने दिया यह आदेश
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश में झांसी के जेल में 120 कोरोना संक्रमित, बलिया जेल में 160 पॉजिटिव मिलने के बाद मिर्जापुर जेल में भी वायरस से पीड़ित कैदी मिले हैं। सोमवार को मिर्जापुर जेल में डिप्टी जेलर समेत छह स्टाफ के संक्रमित होने के बाद कैदियों की भी जांच कराई गई जिसमें 74 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी अन्य बंदियों की रिपोर्ट आनी है। जेल में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने की आशंका है। संक्रमित आए बंदियों को आइसोलेशन में रखा गया है।

अस्थायी जेल के बावजूद फैला कोरोना
जेल प्रशासन ने बंदियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्थाई जेल का निर्माण कराया था जहां पर नए बंदी की जांच होने के बाद भी उन्हें जिला कारागार में रखा जाता था। एहतियात बरतने के बाद भी जिला कारागार में कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है। सोमवार को डिप्टी जेलर समेत छह कर्मचारी पाजिटिव मिले। इसके बाद जेल के सभी बंदियों व स्टाफ की जांच की जा रही है। मंगलवार को ढाई सौ लोगों की जांच की गई थी इसमें 74 बंदी पाजिटिव पाए गए हैं।
बंदियों को दिया जा रहा चाय और काढ़ा
जेल अधीक्षक अनिल राय ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से जेल के अंदर ही 8, 9 और 10 नंबर बैरक को खाली कराकर पॉजिटिव पाए गए बंदियों को जेल आइसोलेशन में रखा जाएगा। अन्य लोगों की जांच हो रही है। पाजिटिव पाए जाने पर उन्हें भी इन बैरकों में रखा जाएगा। किसी प्रकार के लक्षण प्रकट होने या सेहत खराब होने पर उन्हें अस्पताल भेजा जाएगा। छह स्टाफ जो अस्पताल भेजे गए हैं, उनमें भी कोई लक्षण नहीं है। उन्हें भी होम आइसोलेशन किया जाएगा। बंदियों को सुबह अदरक वाली चाय और शाम को काढ़ा दिया जा रहा है। जेल में अब तक 80 कोरोना पाजिटिव मिल चुके है।

...ताकि जेल में न फैले कोरोना वायरस
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि जिन जिलों में अब तक अस्थायी जेल नहीं बनाया गया है, वहां इसका निर्माण किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नए बंदियों को पहले अस्थायी जेल में रखा जाय। अस्थायी जेल में रखे जाने से पहले नए बंदियों की कोरोना जांच अनिवार्य तौर पर की जाएगी। जो बंदी संक्रमित मिलेंगे उनको इलाज के लिए एल वन अस्पताल में भेजा जाएगा। जिन बंदियों की रिपोर्ट निगेटिव आएगी, उनको अस्थायी जेल में 14 दिन क्वारंटाइन में रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications