मेरठ: सेक्स रैकेट चलाने के विरोध में महिला की छत से फेंककर हत्या, पुलिस कह रही हादसा
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि सेक्स रैकेट का विरोध करने पर महिला ने पड़ोसी महिला को पीट-पीटकर अधमरा करने के बाद छत के जाल से नीचे फेंक दिया। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने आरोपी महिला को पुलिस की जीप से खींच कर उसके साथ मारपीट का प्रयास करते हुए जमकर हंगामा किया। फिलहाल, पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

क्या है पूरा मामला
दरअसल, परतापुर के शताब्दी नगर सेक्टर-1 सी ब्लॉक में लल्लू रमण डेरी वाले के मकान में लगभग आधा दर्जन से ज्यादा किराएदार रहते हैं। एक कमरा किराए पर लेकर साक्षी (बदला हुआ नाम) भी रहती है। घर में किराए पर रहने वाले अन्य किराएदारों का आरोप है कि साक्षी अपने कमरे में अनजान लोगों को बुलाकर घर में ही चुपचाप सेक्स रैकेट चला रही थी, जिसका विरोध पड़ोस के कमरे में किराए पर रहने वाली पूनम और उसके पति महेश ने किया तो आरोपी महिला ने बुधवार को पूनम को अकेला पाकर उसको पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए उसे छत के जाल से नीचे फेंक दिया, जिससे यह हादसा लगे और और दूसरे कमरे में छिप कर बैठ गई।
पुलिस ने घटना को बताया हादसा
जाल से नीचे गिरते ही मकान में किराए पर रह रहे और भी किराएदार बाहर आ गए और पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची परतापुर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी महिला और उसका साथ देने वाली उसकी सहेली की तलाश शुरू कर दी। लगभग 2 घंटे के बाद मकान के ही एक कमरे में छिपी हुई मिली आरोपी महिला की सहेली जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर जब थाने ले जाना चाहा तो वहां कॉलोनीवासी सहित मृतका के परिजन भी आ गए और पुलिस की गाड़ी में से आरोपी महिला को खींचने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और हत्या आरोपी महिला की सहेली को थाने ले गई। थाना प्रभारी परतापुर ने महिला की हत्या की बात से इनकार करते हुए छत से गिरकर हादसा होने का दावा किया है।












Click it and Unblock the Notifications