मेरठः किसान से आलू की बोरी छीनने के मामले में इंस्पेक्टर पर गिरी गाज
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में किसान से आलू की बोरी छीनने के मामले में ब्रह्रमपुरी इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की गई। कप्तान ने ब्रह्मपुरी इंस्पेक्टर को हटाकर उन्हें कोरोना वायरस सेल का प्रभारी बनाया है, जबकि साइबर सेल के प्रभारी को थाने का चार्ज दिया है। वहीं, इस पूरे मामले में रात को ही एसएसपी ने आरोपित दारोगा को निलंबित कर दिया था। दूसरी तरफ चर्चा यह है कि एक विधायक इंस्पेक्टर को बचाने की कोशिश कर रहे थे।

बीते बुधवार की शाम को परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बहरामपुर निवासी नितिन चौधरी दोस्त के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में आलू भरकर नवीन मंडी आ रहे थे। इसी दौरान शारदा रोड पर पुलिस चेक पोस्ट के पास ब्रह्रमपुरी थाने के दारोगा श्याम सिंह ने उन लोगों को रोक लिया था। आरोप है कि उनसे आलू की तीन बोरी छीन लिए थे। इसके बाद पीड़ितों ने शिकायत की तो कप्तान अजय साहनी ने एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण सिंह को जांच सौंपी थी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए रात में ही दारोगा को निलंबित कर दिया था। साथ ही इंस्पेक्टर और चार सिपाहियों की भी रिपोर्ट देने के लिए कहा था।
गुरुवार दोपहर को एसएसपी ने थाना प्रभारी रघुराज सिंह को हटाकर कोरोना वायरस सेल का प्रभारी बना दिया, जबकि उनकी जगह साइबर सेल के प्रभारी सुभाष अत्री को चार्ज सौंपा है। गौरतलब है कि करीब सात माह पहले परतापुर थाना क्षेत्र में तेल का खेल उजागर हुआ था। पूरे प्रदेश में मामला चर्चा में आ गया था। कई लोग जेल भी गए थे। इस मामले की जांच लखनऊ की एसआइटी कर रही है। तब सुभाष अत्री परतापुर थाना प्रभारी थे। तेल के खेल में ही उनको हटाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications