Video: ट्रेन को आग की लपटों से बचाने के लिए यात्रियों ने लगाया धक्का, एकता की ताकत देख तारीफ कर रहे लोग
ट्रेन को आग की लपटों से बचाने के लिए यात्रियों ने लगाया धक्का, एकता की ताकत देख तारीफ कर रहे लोग
मेरठ, 05 मार्च: दौराला रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह सहारनपुर दिल्ली पैसेंजर ट्रेन में अचानक से आग लग गई थी। आग की लपटों के दौरान रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया था। इस सबके बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसनें एकता की मिसाल पेश की है।
Recommended Video

लोगों ने धक्कर लगाकर बचाई ट्रेन
दरअसल, ट्रेन के इंजन और तीन कोच से उठती लपटों के बीच लोगों ने बाकी के कोच को काटकर अलग किया। इतना ही नहीं, यात्रियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पूरी ट्रेन को आग की चपेट में आने से बचाने के लिए धक्का देकर दूर किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यात्रियों द्वारा पैसेंजर ट्रेन को धक्कर लेकर दूर ले जाते हुए का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर लोग कमेंट कर रहे है और इसे एकता की ताकत बता रहे हैं। प्राप्त समाचार के मुताबिक, रोज की तरह आज भी सहारनपुर से दिल्ली जा रही पैसेंजर ट्रेन अपने राइट टाइम 7:10 पर दौराला रेलवे स्टेशन पहुंची थी।

स्टेशन पर रुकते ही लग गई थी आग
ट्रेन जैसे ही दौराला स्टेशन पर रुकी, वैसे ही ट्रेन के दो डिब्बों और इंजन में आग लग गई और लपटें उठने लगीं। धुओं के गुबार से पूरा स्टेशन ढक गया। प्लेटफॉर्म पर खड़े हुए कुछ यात्रियों ने जब यह धुंआ देखा तो उन्होंने शोर मचा दिया।

भगदड़ की स्थिति हो गई थी पैदा
शोर सुनकर ट्रेन में बैठे सभी पैसेंजर तेजी से बाहर निकल आए। आनन-फानन में यात्री ट्रेन से उतरने लगे। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, गनीमत रही कि आग की चपेट में कोई यात्री नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। इसी अफरा-तफरी के बीच फायर ब्रिगेड की टीम को ट्रेन में आग लगने की सूचना दी गई।

फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
जानकारी के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। बता दें, इस पैसेंजर ट्रेन में दिल्ली जाने वाले नौकरीपेशा लोग रोज सफर करते हैं। बता दें, ट्रेन में आग लगने का कारण फिलहाल शार्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन रेलवे प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही यह वजह स्पष्ट हो पाएगी।

दिल्ली मेरठ रूट हुआ प्रभावित
ट्रेन में आग लगने की सूचना पर पुलिस और रेलवे विभाग के कई आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया गया। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। तो वहीं, दौराला रेलवे स्टेशन पर सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर में आग लगने के बाद दिल्ली-मेरठ रूट भी प्रभावित हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications