मेरठ: दौराला स्टेशन पर रुकते ही धू-धू कर जल उठी सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर, यात्रियों के बीच अफरा-तफरी
मेरठ: दौराला स्टेशन पर रुकते ही धू-धू कर जल उठी सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर, यात्रियों के बीच अफरा-तफरी
मेरठ, 05 मार्च: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शनिवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, यहां दौराला स्टेशन पर रुकते ही सहारनपुर-दिल्ली पैसेंज ट्रेन में अचानक से आग लग गई। आग और धूआं निकलता देखकर स्टेशन पर हड़कंप मच गया और पैसेंजर ट्रेन में बैठे सभी यात्री बाहर निकल आए। हालांकि, गनीमत यह रही कि आग की चपेट में कोई यात्री नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और अधिकारी आग लगने के पीछे के कारणों की जांच कर रहे है।
Recommended Video

बताया जा रहा है कि रोज की तरह आज भी सहारनपुर से दिल्ली जा रही पैसेंजर ट्रेन अपने राइट टाइम 7:10 पर दौराला रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन जैसे ही दौराला स्टेशन पर रुकी, वैसे ही ट्रेन के 3 डिब्बों से आग की लपटें उठने लगीं और धुओं के गुबार से पूरा स्टेशन ढक गया। प्लेटफॉर्म पर खड़े हुए कुछ यात्रियों ने जब यह धुंआ देखा तो उन्होंने शोर मचा दिया। जिसके बाद ट्रेन में बैठे सभी पैसेंजर तेजी से बाहर निकल आए। आनन-फानन में यात्री ट्रेन से उतरने लगे।
इस दौरान रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, गनीमत रही कि आग की चपेट में कोई यात्री नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। इसी अफरा-तफरी के बीच फायर ब्रिगेड की टीम को ट्रेन में आग लगने की सूचना दी गई। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। बता दें, इस पैसेंजर ट्रेन में दिल्ली जाने वाले नौकरीपेशा लोग रोज सफर करते हैं। बता दें, ट्रेन में आग लगने का कारण फिलहाल शार्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन रेलवे प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही यह वजह स्पष्ट हो पाएगी।
ट्रेन में आग लगने की सूचना पर पुलिस और रेलवे विभाग के कई आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया गया। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। तो वहीं, दौराला रेलवे स्टेशन पर सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर में आग लगने के बाद दिल्ली-मेरठ रूट भी प्रभावित हो गया है। सुबह के समय कई महत्वपूर्ण ट्रेन वाया मेरठ होकर देहरादून और दिल्ली के लिए जाती हैं। सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन दिल्ली से देहरादून के बीच चलने वाली शताब्दी है। शताब्दी को मेरठ सिटी स्टेशन पर रोका गया है।












Click it and Unblock the Notifications