मेरठ: महावीर अस्पताल के मालिक की गोली मारकर हत्या, मचा हड़कंप
मेरठ, 30 जून: उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार सुबह महावीर अस्पताल के मालिक यशपाल को बदमाशों ने गोली मार दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। 89 वर्षीय यशपाल को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद का मामला सामने आ रहा है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस सर्विलेंस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से सबूतों की तलाश कर रही है।

धर्म कांटे पर सो रहे थे यशपाल सिंह
मेरठ के थाना टीपी नगर क्षेत्र के मुल्तान नगर में महावीर अस्पताल के मालिक यशपाल सिंह अपने धर्म कांटे पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश वहां आए और यशपाल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोग यशपाल को अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक यशपाल की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में रंजिश और संपत्ति विवाद के चलते यशपाल सिंह की हत्या की बात सामने आ रही है।
बेटों में संपत्ति को लेकर चल रहा है विवाद
बता दें, यशपाल सिंह के चार बेटे हैं। बताया जा रहा है कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर इन लोगों के बीच विवाद चल रहा था। यशपाल सिंह धर्म कांटा और अस्पताल समेत अन्य कई कारोबार से जुड़े थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। पुलिस ने हत्यारों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications