Mau News : पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 25 हजार के इनामी बदमाश के पैर में लगी गोली, दूसरा फरार
मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गयी। इस दौरान पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा।

Mau News: मऊ जनपद के रानीपुर थाना अंतर्गत बुधवार की रात्रि में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली से 25000 का इनामी बदमाश घायल हो गया जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार चल रहा है, वहीं फरार हुए उसके साथी के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाश को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सोशल मीडिया सेल मऊ द्वारा जारी सूचना में बताया गया कि बुधवार की देर रात मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र की पुलिस थाना क्षेत्र में जांच-पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम कांझा पुलिया के समीप पहुंची, जहां बाइक पर दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया तो पुलिस को देखकर बाइक पर सवार बदमाश पुलिस टीम के ऊपर फायरिंग करते हुए भागने लगे। उसके बाद पुलिस टीम द्वारा भी जवाबी फायरिंग की गई।
पुलिस के ऊपर फायर करते हुए बाइक सवार बदमाश पड़री की तरह भागने लगे। उसके बाद पुलिस टीम ने दो तरफ से घेराबंदी करते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस से गिरता देख बदमाश फिर पुलिस टीम के ऊपर फायर करने लगे। इस दौरान पुलिस द्वारा भी आत्मरक्षा के लिए गोली चलाई गई और एक बदमाश घायल हो गया। एक बदमाश के घायल हो जाने के बाद उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए वहां से भागने में सफल हो गया।
पुलिस टीम तत्काल घायल बदमाश के पास पहुंची तो उसने अपना नाम अरुण राजभर उर्फ दाढ़ी बताया। उसके बाद पुलिस टीम उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर लेकर पहुंची जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस बारे में पुलिस अधीक्षक मऊ अविनाश पांडे द्वारा बताया गया कि रानीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पड़री गांव के पास बुधवार को एक लूट हुई थी। मिर्जापुर गांव का रहने वाला अरुण राजभर उर्फ दाढ़ी और उसके सहयोगी द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया था।
यह भी बताया गया कि पकड़े गए बदमाश अरुण राजभर के खिलाफ 19 आपराधिक मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं और उसके ऊपर पुलिस ने 25000 रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। फिलहाल अस्पताल में भर्ती बदमाश से पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications