UP Police की सुपर टाइमिंग: सटीक समय पर पहुंचकर युवक को फांसी से उतारा, CPR देकर बचा ली जिंदगी
उत्तर प्रदेश के मथुरा से पुलिस का गुड वर्क सामने आया है। सूचना मिलने पर बुधवार रात हाईवे थाना क्षेत्र की पुलिस ने नये बस अड्डे के पास फांसी के फंदे पर लटके एक शख्स की जान बचा ली। तत्काल एक्शन लेते हुए मौके पर पहुंचकर पुलिस द्वारा पीड़ित व्यक्ति को फंदे से उतारा गया और वहीं सीपीआर देकर उसे एक नई जिंदगी दे दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पेड़ पर गमछे से फांसी का फंदा बनाकर झूल गया युवक
दरअसल, पूरा मामला मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र अंतर्गत नये बस अड्डे के पास का है। यहां बुधवार रात करीब 12 बजे 26 वर्षीय अशोक जाटव पुत्र नरेंद्र जाटव निवासी भरतपुर गेट, बड़ा मोहल्ला मनोहरपुरा, का अपने परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद से आहत होकर वह नया बस अड्डा पहुंचा और एक पेड़ पर अपने गमछे से फांसी का फंदा बनाकर उस पर झूल गया।

फंदे से उतारा और दिया सीपीआर, बच गई जान
इसी दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों की नजर उस व्यक्ति पर पड़ गई और उन्होंने पुलिस को फोन कर दिया। सूचना मिलने पर इलाके में मौजूद पीआरवी संख्या 1880 फौरन ही मौके पर पहुँच गई। जिसके बाद पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल उदयवीर सिंह, कांस्टेबल इंद्रपाल सिंह और होमगार्ड नेत्रपाल ने तत्काल उसे फंदे से उतारा और मौके पर सीपीआर दिया, जिससे उसकी जान बच गई।
पीआरवी कर्मियों का सराहनीय कार्य
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं युवक से पूछताछ के बाद उसके परिवार वालों को सूचना दी गई। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि पीआरवी कर्मियों ने बेहद सराहनीय कार्य किया है। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस के तत्काल मौके पर पहुंचने का यह नतीजा है कि युवक की जान बचाई जा सकी। साथ ही उन्होंने पुलिस को सूचना देने वालों का भी शुक्रिया किया।












Click it and Unblock the Notifications